New Delhi: जन सुराज ने आगामी तिरहुत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में बुधवार को मुजफ्फरपुर के जिला परिषद मार्केट स्थित होटल शुभकामना में संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर शामिल हुए। बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, एनपी मंडल, सुभाष कुशवाहा, सरवर अली समेत प्रदेश स्तर के कई नेता मौजूद रहे। मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली से संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बैठक में पहुंचे। इस दौरान संभावित उम्मीदवारों के नाम, संगठन की मौजूदा स्थिति, मतदाताओं के बीच पार्टी की पहुंच और चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं ने अपनी राय और सुझाव सामने रखे।
उम्मीदवार के नाम पर जल्द लगेगी मुहर
बैठक में प्रशांत किशोर ने कार्यकर्ताओं और चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं की बातों को गंभीरता से सुना। पार्टी के संभावित प्रत्याशियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और स्थानीय संगठन से जुड़े पदाधिकारियों से फीडबैक लिया गया। मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने बताया कि जन सुराज अगले दो से चार दिनों के भीतर तिरहुत MLC चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकता है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार तय करने से पहले संगठन के महत्वपूर्ण साथियों की राय जानना जरूरी है, इसलिए तिरहुत प्रमंडल के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पदाधिकारियों को बैठक में बुलाया गया था।
पूरी ताकत से चुनाव लड़ने की तैयारी
प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज के कार्यकर्ता और समर्थक चाहते हैं कि पार्टी इस चुनाव में पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरे। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन के भीतर चुनाव को लेकर उत्साह है और सभी लोग पार्टी की हालिया राजनीतिक सफलता के सिलसिले को आगे बढ़ाना चाहते हैं। बैठक में मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने, संगठन को बूथ और क्षेत्रीय स्तर पर मजबूत करने तथा प्रभावी चुनावी रणनीति तैयार करने पर भी चर्चा हुई। हालांकि, प्रशांत किशोर ने जन सुराज के बढ़ते या घटते जनाधार का आकलन चुनाव के नतीजों से होने की बात कही।
बांकीपुर की जीत के बाद बढ़ा राजनीतिक उत्साह
गौरतलब है कि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर हाल ही में बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए हैं। बांकीपुर को लंबे समय से बीजेपी के प्रभाव वाली सीट माना जाता रहा है। इस जीत के बाद जन सुराज के संगठन और समर्थकों में उत्साह बढ़ा है और अब पार्टी तिरहुत MLC चुनाव को अपने विस्तार और राजनीतिक प्रभाव की अगली परीक्षा के तौर पर देख रही है। ऐसे में उम्मीदवार के चयन से लेकर क्षेत्र में संगठन की सक्रियता बढ़ाने तक, पार्टी की आगामी रणनीति पर सभी की नजरें टिकी हैं।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
