गणेश चतुर्थी का त्योहार भगवान गणेश के स्वागत का सबसे बड़ा दिन होता है। गणेश जी को विघ्नहर्ता कहा जाता है, जिसका मतलब है दुखों और परेशानियों को दूर करने वाले देव। उन्हें खुश करने के लिए किसी बहुत बड़े पूजा-पाठ या आडंबर की जरूरत नहीं होती। बाप्पा तो दिल से चढ़ाई गई एक छोटी सी चीज़ से भी खुश हो जाते हैं। अगर आप इस गणेश चतुर्थी पर अपने घर में खुशहाली चाहते हैं, तो कुछ आसान से काम करके बाप्पा का आशीर्वाद पा सकते हैं।
हरी दूब और मोदक का लगाएं भोग
गणेश जी को हरी दूब (दूर्वा घास) बहुत पसंद है। पूजा करते समय गणेश जी को 21 दूर्वा की पत्तियां ज़रूर चढ़ाएं। इसके साथ ही उन्हें मोदक और बेसन के लड्डू बहुत अच्छे लगते हैं। अगर घर पर मोदक न बन पाएं, तो आप बाजार से लड्डू लाकर भी भोग लगा सकते हैं। सच्ची श्रद्धा से लगाया गया भोग बाप्पा तुरंत स्वीकार करते हैं।
माथे पर लगाएं लाल सिंदूर
पूजा के समय गणेश जी को लाल रंग का सिंदूर चढ़ाएं। सिंदूर में थोड़ा सा घी मिलाकर बाप्पा के माथे पर तिलक लगाएं और फिर वही तिलक अपने माथे पर भी लगाएं। इसके अलावा उन्हें लाल रंग के फूल जैसे गुड़हल या गेंदा चढ़ाना बहुत शुभ माना जाता है। इससे घर के झगड़े खत्म होते हैं और प्यार बढ़ता है।
आसान मंत्र का करें जाप
पूजा के समय बहुत कठिन मंत्र पढ़ने की जरूरत नहीं है। आप आराम से बैठकर “ॐ गं गणपतये नमः” मंत्र का माला से या मन ही मन 108 बार जाप करें। इस छोटे से मंत्र में बहुत ताकत होती है। इसे रोज बोलने से मन शांत रहता है और रुके हुए काम धीरे-धीरे बनने लगते हैं।
घर के मुख्य दरवाजे पर बनाएं स्वास्तिक
गणेश चतुर्थी वाले दिन अपने घर के मुख्य दरवाजे की अच्छे से सफाई करें। दरवाजे पर आम के पत्तों की माला लगाएं और दोनों तरफ सिंदूर से स्वास्तिक का निशान बनाएं। स्वास्तिक को गणेश जी का ही रूप माना जाता है। इसे बनाने से घर में नकारात्मक ऊर्जा नहीं आती और लक्ष्मी जी का वास होता है।
किसी गरीब या भूखे की करें मदद
बाप्पा केवल पूजा से ही नहीं, बल्कि आपके अच्छे व्यवहार से भी खुश होते हैं। इस दिन किसी गरीब या जरूरत मंद इंसान को खाना खिलाएं या कपड़े दान करें। गाय को हरा चारा या रोटी खिलाने से भी पुण्य मिलता है। अगर आप किसी का दिल नहीं दुखाते और सबकी मदद करते हैं, तो गणेश जी आपकी हर परेशानी खुद दूर कर देते हैं।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group