बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना!

sports today

फीफा वर्ल्ड कप का बिगुल बजने से पहले ही दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र और सबसे कमजोर खेल तंत्र वालेअपने देश में भी फुटबाल का पागलपन शुरू हो चुका है l पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मणिपुर, मुंबई, दिल्ली, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, मेघालय, उत्तराखंड, यूपी, पंजाब, हरियाणा और लगभग पूरे देश से मिल रही ख़बरों, खासकर सोशल मीडिया के माध्यम से पता चलता है कि वर्ल्ड कप का बुखार तेजी से जोर पकड़ रहा है l अच्छी बात यह है अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाले दुनिया के सबसे बड़े और सबसे ज्यादा देखे जाने वाले आयोजन को दूरदर्शन लाइव दिखा रहा है l ज़ाहिर है हमेशा की तरह इस बार भी खूब मज़ा आने वाला है जिसका लुत्फ उठाने वाले देशों में भारत की भागीदारी एक बार फिर से बढ़ चढ़ कर रहेगी l लेकिन ऐसा क्यों होने जा रहा है? भारत तो विश्व कप में दूर दूर तक दिखाई नहीं देता और आने वाले कई सालों तक भी ऐसा संभव नहीं लगता l फ़िरभी भारतीय फुटबाल प्रेमी पूरी तैयारी के साथ अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के खेल का आनंद उठाने के लिए शुरूआती वार्म अप कर चुके हैं l एक सर्वे से पता चला है कि इस बार के विश्व कप में प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से भारतीय भागीदारी बढ़ चढ़ कर रहेगी l इसलिए क्योंकि क्रिस्चियानो रोनाल्डो, लियोनल मेस्सी, नेमार और लगभग दर्जन भर अन्य दिग्गजों का भाग लेना तय माना जा रहा है l सम्भवतया तीनों महान खिलाड़ी अपना आखिरी वर्ल्ड कप खेलेंगे l फ़्रांस, अर्जेटीना, ब्राज़ील, स्पेन,जर्मनी, अफ़्रीकी, एशियाई देश चैंपियन बने या कोई संयुक्त मेजबान ख़िताब ले उड़े लेकिन तय है कि खेल का स्तर और रोमांच हमेशा की तरह पहले से बेहतर रहेगा, जिसे देखने के लिए पूरी दुनिया अपने स्तर पर तैयारी में जुट गई है l
जहाँ तक भारतीय फुटबाल प्रेमियों की बात है तो पिछले कुछ सालों में फीफा कप देखने वालों की संख्या लगातार बढ़ी है lअनेकों मौके ऐसे भी रहे जब अपनी पसंदीदा टीम की हार पर आत्महत्या जैसे मामले भी देखने सुनने में आए हैं l टीवी सेट तोड़ने और राष्ट्रीय सम्पति को नुक्सान पहुँचाने जैसी घटनाएं आम हैं l यह हाल तब है जबकि भारत की विश्व फुटबाल में कोई पहचान नहीं है l हर चार साल बाद नींद से जागते हैं और फिर लम्बी तान कर सो जाते हैं l लेकिन तारीफ करनी होगी भारतीय फुटबाल प्रेमियों की, जोकि दुनिया के सबसे बड़े खेल मेले में अपनी उपस्थिति दर्ज करना नहीं भूलते l लेकिन इस देश की सरकार, खेल मंत्रालय, फुटबाल फेडरेशन और खिलाड़ियों की नींद कब टूटेगी? कब तक अब्दुल्ला बेगानी शादी में भौंडा नाच नाचता रहेगा ?

Rajender Sajwan Rajender Sajwan,
Senior, Sports Journalist
Share:

Written by 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *