जून महीने की पहली तारीख को ही आम जनता और व्यापारियों को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। देश की सरकारी तेल कंपनियों ने आज सुबह 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के मुताबिक दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये का इजाफा किया गया है जिसके बाद अब यह बढ़कर 3113.50 रुपये पर पहुंच गया है। वहीं कोलकाता में इसके दाम सबसे ज्यादा 53.50 रुपये बढ़े हैं। इसके साथ ही तेल कंपनियों ने छोटे व्यापारियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले 5 किलो के एफटीएल सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी की है। हालांकि घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है जिससे आम गृहिणियों को बड़ी राहत मिली है।
प्रमुख महानगरों में आज क्या हैं कमर्शियल सिलेंडर के नए दाम
आज से लागू हुईं नई दरों के कारण देश के अलग-अलग शहरों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें काफी ऊपर चली गई हैं। दिल्ली में अब एक 19 किलोग्राम का कमर्शियल सिलेंडर 3113.50 रुपये में मिलेगा जो पहले 3071.50 रुपये का था। कोलकाता में यह सिलेंडर 3255.50 रुपये का हो गया है। मुंबई में भी तेल कंपनियों ने कीमतों में बढ़ोतरी की है जिसके बाद वहां नया रेट 3067.50 रुपये हो गया है। वहीं चेन्नई में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़कर अब 3283.00 रुपये पर पहुंच गए हैं। इसके अलावा हैदराबाद में यह कीमत 3367.00 रुपये और बिहार की राजधानी पटना में 3400.00 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर दर्ज की गई है।
छोटू सिलेंडर भी हुआ महंगा घरेलू गैस के दाम स्थिर
इस बार की कटौती और बढ़ोतरी के खेल में सिर्फ बड़े सिलेंडर ही नहीं बल्कि 5 किलोग्राम वाले छोटे कमर्शियल सिलेंडरों को भी महंगा किया गया है। दिल्ली में 5 किलो वाले इस छोटे सिलेंडर पर 11 रुपये बढ़ाए गए हैं जिसके बाद इसका नया रेट 821.50 रुपये हो गया है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर छोटे स्ट्रीट वेंडर्स चाय-चाट की दुकान लगाने वालों और ढाबा संचालकों पर पड़ेगा। राहत की बात यह रही कि आम नागरिकों के बजट को ध्यान में रखते हुए 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों को स्थिर रखा गया है। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 913.00 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये और कोलकाता में 939.00 रुपये की पुरानी कीमतों पर ही मिलता रहेगा।
क्यों बढ़ रही हैं कीमतें और क्या पड़ेगा इसका असर
जानकारों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में चल रहे उतार-चढ़ाव और मध्य पूर्व जारी तनाव के कारण ईंधन की वैश्विक आपूर्ति चेन प्रभावित हुई है। यही वजह है कि भारत में गैस और तेल की कीमतों पर दबाव लगातार बढ़ रहा है। कमर्शियल गैस सिलेंडर के इस तरह महंगे होने से आने वाले दिनों में होटलों, रेस्टोरेंट्स, कैटरिंग बिजनेस और ढाबों पर खाना-पीना और महंगा हो सकता है क्योंकि दुकानदार इस बढ़े हुए खर्च का बोझ ग्राहकों की जेब पर ही डालेंगे।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1