भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड BCCI ने जून 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज के लिए टीम इंडिया की घोषणा कर दी है। इस बार चयनकर्ताओं ने कई सीनियर खिलाड़ियों को आराम देकर घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में चमकने वाले नए चेहरों पर भरोसा जताया है। इन सबमें सबसे चौंकाने वाला और सुर्खियां बटोरने वाला नाम है 23 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार का जिन्हें टेस्ट टीम में पहली बार शामिल किया गया है। क्रिकेट के गलियारों में इस खिलाड़ी को लेकर जबरदस्त चर्चा है क्योंकि इन्हें लाल गेंद के क्रिकेट का सबसे बेहतरीन भविष्य माना जा रहा है।
श्रीगंगनगर की गलियों से टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम तक का सफर
राजस्थान के श्रीगंगनगर के रहने वाले मानव सुथार का जन्म 3 अगस्त 2002 को एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। उनके पिता जगदीश सुथार एक स्कूल में फिजिकल एजुकेशन के टीचर हैं जो खुद कभी स्कूल स्तर से आगे क्रिकेट नहीं खेल पाए थे। जब उन्होंने अपने बेटे मानव के भीतर क्रिकेट को लेकर जुनून देखा तो मात्र 11 साल की उम्र में उन्होंने मानव को क्रिकेट एकेडमी में दाखिला दिला दिया। पाकिस्तान सीमा के बेहद करीब स्थित एक छोटे से कस्बे से निकलकर भारतीय टेस्ट टीम तक का सफर तय करना मानव और उनके परिवार के लिए किसी बड़े सपने के सच होने जैसा है। चयन की खबर सुनते ही उनके पिता की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
घरेलू क्रिकेट में विकेटों का अंबार और 129 शिकार
मानव सुथार की असली ताकत उनकी क्लासिकल स्पिन गेंदबाजी है। वे उन गेंदबाजों में से नहीं हैं जो सिर्फ टी20 के हिसाब से तेज गेंदें फेंकते हैं बल्कि वे लगातार एक ही जगह पर गेंद को टप्पा खिलाने और बल्लेबाजों को अपनी फ्लाइट से छकाने की काबिलियत रखते हैं। राजस्थान की तरफ से खेलते हुए साल 2022 में उन्होंने अपने फर्स्ट क्लास करियर की शुरुआत की थी। अब तक खेले गए 29 फर्स्ट क्लास मैचों में उन्होंने 25 की शानदार औसत से 129 विकेट चटकाए हैं। घरेलू क्रिकेट में एक मैच में 8 विकेट लेकर तबाही मचाने वाले मानव का फर्स्ट क्लास में इकॉनमी रेट 3 से भी कम का है जो उनकी कसी हुई गेंदबाजी को दर्शाता है।
जब नेट्स पर रोहित और विराट को किया था परेशान
मानव सुथार पहली बार चयनकर्ताओं की नजरों में तब आए थे जब उन्हें साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप के दौरान भारतीय टीम के तैयारी कैंप में बतौर नेट बॉलर बुलाया गया था। बेंगलुरु के उस कैंप में इस युवा स्पिनर ने अपनी घूमती गेंदों से कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दुनिया के महानतम बल्लेबाजों को नेट्स पर खूब परेशान किया था। इसके बाद इंडिया ए की तरफ से खेलते हुए उन्होंने ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ पांच विकेट चटकाकर यह साबित कर दिया था कि वे विदेशी पिचों पर भी कमाल दिखा सकते हैं।
रवींद्र जडेजा के उत्तराधिकारी के रूप में देखी जा रही है भूमिका
मौजूदा समय में आईपीएल 2026 के भीतर मानव सुथार शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस टीम का हिस्सा हैं जहाँ उन्होंने शानदार प्रदर्शन के दम पर अपनी जगह पक्की की है। चूंकि अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले इस टेस्ट मैच में स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है इसलिए चयनकर्ता मानव को उनके भविष्य के विकल्प के तौर पर देख रहे हैं। क्रिकेट के जानकारों का मानना है कि मानव के पास गेंद को ड्रिफ्ट कराने और अलग अलग कोणों से स्पिन कराने की जो कला है वह उन्हें टेस्ट क्रिकेट के लिए एक लंबी रेस का घोड़ा बनाती है। पंजाब के मुल्लानपुर में 6 जून से शुरू होने वाले इस टेस्ट में पूरी दुनिया की नजरें इस नए स्पिन सनसनी पर टिकी होंगी।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1