Weather Alert: देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, आंधी-बिजली से भी बढ़ी चिंता; 20 अगस्त तक ऐसा रहेगा मौसम

Weather Update

New Delhi: देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय रहने के चलते बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं अगले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

पहाड़ी राज्यों से लेकर बिहार-झारखंड तक बारिश और आंधी का अनुमान

पहाड़ी इलाकों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश की संभावना है, जबकि उत्तराखंड में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। बिहार में भी भारी बारिश के साथ तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। झारखंड और ओडिशा में बारिश के साथ आंधी-तूफान का असर देखने को मिल सकता है और कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। IMD के अनुसार झारखंड और ओडिशा में आने वाले दिनों में भी व्यापक बारिश जारी रह सकती है।

दिल्ली में छाए रहेंगे बादल, हल्की बारिश के आसार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को मौसम सुहावना लेकिन बादलों से घिरा रह सकता है। सुबह से दोपहर के बीच और शाम से रात तक हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 32 से 34 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का दौर तेज रहने वाला है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना है, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने का खतरा है।

महाराष्ट्र, दक्षिण भारत और पूर्वी राज्यों में भी बारिश का असर

मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में भारी बारिश हो सकती है, जबकि तटीय कर्नाटक में व्यापक बारिश का अनुमान है। केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी कई जगहों पर बारिश जारी रह सकती है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। IMD ने अगले 3 से 4 दिनों के दौरान अंडमान-निकोबार, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तेलंगाना, बिहार और विदर्भ में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका भी जताई है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक देश के उत्तर, मध्य, पूर्व, पूर्वोत्तर, पश्चिम और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला 20 अगस्त तक जारी रह सकता है।

××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group

https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1

Pooja Kumari Ms. Pooja,
Share:

Written by 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *