New Delhi: दिल्ली में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्देश दिए कि लू से बचाव के सभी उपाय जमीनी स्तर पर तुरंत लागू किए जाएं। सरकार ने कहा है कि इस बार हीट एक्शन प्लान को अधिक वैज्ञानिक और मजबूत तरीके से तैयार किया गया है, ताकि संवेदनशील इलाकों और कमजोर वर्गों को राहत दी जा सके।
कर्मचारियों और मजदूरों को दोपहर में राहत
भीषण गर्मी के बीच कर्मचारियों और निर्माण श्रमिकों को बड़ी राहत दी गई है। सरकार ने निर्देश दिया है कि जरूरत पड़ने पर दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक बाहरी काम रोका जा सकता है। मजदूरों के लिए पीने के पानी, धूप से बचाव के लिए टोपी, प्राथमिक उपचार किट और बर्फ के पैकेट उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि लू के असर को कम किया जा सके।
स्कूली बच्चों और यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था
स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जरूरत पड़ने पर छुट्टी से पहले बच्चों को ओआरएस घोल दिया जाएगा, जिससे सफर के दौरान डिहाइड्रेशन से बचा जा सके। वहीं बस स्टॉप पर ठंडा पानी, फुहार प्रणाली और बसों में आइस बॉक्स रखने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि यात्रियों को गर्मी से राहत मिल सके।
कूल रूफ पॉलिसी और हाई रिस्क इलाकों पर फोकस
सरकार लंबे समय के समाधान के तौर पर “कूल रूफ पॉलिसी 2026” पर काम कर रही है। इसके तहत कई सरकारी परिसरों में परावर्तक कोटिंग लगाई जा रही है, जिससे तापमान कम रखा जा सके। साथ ही आयानगर, नजफगढ़, वजीरपुर, जहांगीरपुरी और बाहरी दिल्ली के कई इलाकों को हाई रिस्क जोन मानकर वहां अतिरिक्त पानी टैंकर, ओआरएस और राहत टीमें तैनात की गई हैं।
अस्पताल और बिजली व्यवस्था भी तैयार
दिल्ली सरकार ने दावा किया है कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। 13 जिलों के सैकड़ों स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखा गया है, जबकि कई अस्पतालों में लू से प्रभावित मरीजों के लिए विशेष कूल रूम बनाए गए हैं। वहीं बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए सरकार ने कहा है कि इस बार भी पर्याप्त बिजली उपलब्ध रहेगी और किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
