दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत ढही, एक छात्र की मौत; 30-40 लोगों के दबे होने की आशंका

Satya Niketan News

New Delhi: राजधानी दिल्ली में लगातार बारिश के बीच रविवार को बड़ा हादसा सामने आया। साउथ कैंपस थाना क्षेत्र के सत्य निकेतन में दोपहर के समय करीब पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इमारत में पीजी भी संचालित हो रहा था, जिसके चलते बड़ी संख्या में छात्रों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई। स्थानीय लोगों और छात्रों के मुताबिक, करीब 30 से 40 लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। हादसे में एक छात्र की मौत की पुष्टि हुई है।

पांच लोगों को सुरक्षित निकाला, NDRF भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए NDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर तैनात रहीं। इसके अलावा पास के ITBP कैंप से जवानों को भी बचाव अभियान में लगाया गया। स्थानीय लोग और छात्र भी राहत कार्य में सुरक्षाकर्मियों का सहयोग करते नजर आए।

एम्स ट्रॉमा सेंटर लाए गए चार मरीज, एक की मौत

हादसे के बाद चार मरीजों को एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। इनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि एक मरीज बचावकर्मी था, जिसे इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं, एक व्यक्ति को अस्पताल लाए जाने के समय मृत घोषित किया गया। घटनास्थल पर राहत-बचाव अभियान जारी रहा और मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए बचाव दल लगातार काम करते रहे।

बेसमेंट में चल रहा था काम, पिलर में खराबी की बात सामने आई

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दमकल विभाग को दोपहर करीब 1:30 बजे नानकपुरा गुरुद्वारे के पास इमारत गिरने की सूचना मिली थी। लगभग 80 गज के क्षेत्र में बनी यह पांच मंजिला इमारत बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया कि इमारत के बेसमेंट में निर्माण संबंधी काम चल रहा था। इसी दौरान पिलर में खराबी आने के बाद पूरी इमारत के अचानक ढहने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह संपत्ति सुधांशु शुक्ला नामक व्यक्ति की है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी पहुंचे मौके पर

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक अनिल शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। इसके बाद महापौर प्रवेश वाही ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। फिलहाल प्रशासन और बचाव एजेंसियों की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है। हादसे के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group

https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1

Pooja Kumari Ms. Pooja,
Share:

Written by 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *