New Delhi: आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में भारत के स्क्वैश अभियान का समापन दो सिल्वर मेडल के साथ हुआ। अनाहत सिंह और अभय सिंह ने महिला और पुरुष सिंगल्स के फाइनल में जगह बनाकर शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन दोनों ही खिलाड़ी गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए। दोनों फाइनल में भारत का सामना मलेशियाई खिलाड़ियों से हुआ। अनाहत को दुनिया की नंबर-5 खिलाड़ी सिवसंगारी सुब्रमणियम, जबकि अभय सिंह को मौजूदा एशियन गेम्स चैंपियन एनजी ईन यो ने हराया। इस तरह भारत का एशियन गेम्स में स्क्वैश सिंगल्स का गोल्ड मेडल जीतने का इंतजार जारी रहा।
अनाहत को सिवसंगारी ने सीधे तीन गेम में हराया
महिला सिंगल्स फाइनल में 18 वर्षीय अनाहत सिंह ने शुरुआत में 3-2 की बढ़त बनाकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन इसके बाद सिवसंगारी ने मुकाबले पर नियंत्रण बना लिया। मलेशियाई खिलाड़ी ने पहला गेम 11-4, दूसरा गेम भी 11-4 से अपने नाम किया। तीसरे गेम में अनाहत ने वापसी की कोशिश की और मुकाबला ज्यादा कड़ा रहा, लेकिन सिवसंगारी ने आखिरकार 11-7 से गेम जीतकर 3-0 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। करीब 27 मिनट चले इस फाइनल में अनाहत को सिल्वर मेडल मिला। हालांकि, यह उपलब्धि भी खास रही क्योंकि वह एशियन गेम्स के महिला स्क्वैश सिंगल्स फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं।
अभय सिंह भी गोल्ड से चूके, ईन यो ने किया खिताब बरकरार
पुरुष सिंगल्स फाइनल में अभय सिंह के सामने मलेशिया के डिफेंडिंग चैंपियन एनजी ईन यो की चुनौती थी। पहला गेम बेहद करीबी रहा, लेकिन मलेशियाई खिलाड़ी ने इसे 11-9 से जीत लिया। दूसरे गेम में ईन यो ने 11-5 से बढ़त मजबूत की। तीसरे गेम की शुरुआत में अभय ने 4-2 की बढ़त बनाकर वापसी की उम्मीद जगाई, लेकिन ईन यो ने लगातार अंक जुटाते हुए गेम 11-5 से जीत लिया और 3-0 से गोल्ड अपने नाम कर लिया। अभय को सिल्वर से संतोष करना पड़ा। इससे पहले सेमीफाइनल में अभय ने पाकिस्तान के मुहम्मद इरफान को 11-3, 12-10, 11-6 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
अभय के लिए ओलंपिक क्वालिफिकेशन का मौका भी गया
अभय सिंह के लिए यह मुकाबला केवल एशियन गेम्स गोल्ड का नहीं, बल्कि लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के सीधे क्वालिफिकेशन से भी जुड़ा था। स्क्वैश पहली बार 2028 ओलंपिक में शामिल होने जा रहा है और एशियन गेम्स के सिंगल्स मुकाबलों में गोल्ड जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए सीधे क्वालिफिकेशन का मौका था। अभय के हारने के साथ यह अवसर उनके हाथ से निकल गया। अनाहत भी महिला सिंगल्स में गोल्ड नहीं जीत सकीं, इसलिए भारत के दोनों खिलाड़ियों को सिल्वर से संतोष करना पड़ा, जबकि दोनों मलेशियाई विजेताओं ने सीधे ओलंपिक क्वालिफिकेशन हासिल किया।
भारत के खाते में स्क्वैश के तीन पदक
अनाहत और अभय के दो सिल्वर मेडल के अलावा जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार ने मिक्स्ड डबल्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इस तरह एशियन गेम्स 2026 में भारत ने स्क्वैश से अब तक तीन पदक अपने नाम किए हैं। अनाहत और अभय की सिल्वर जीत ने भारत के कुल पदकों की संख्या 32—चार गोल्ड, 14 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज तक पहुंचाई। सिंगल्स में गोल्ड भले ही भारत के हाथ नहीं आया, लेकिन दोनों खिलाड़ियों का फाइनल तक पहुंचना भारतीय स्क्वैश के लिए अहम उपलब्धि रहा।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
