New Delhi: समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से जारी किए गए इस घोषणापत्र में युवाओं, महिलाओं, किसानों, उद्यमियों और समाज के विभिन्न वर्गों को ध्यान में रखते हुए कई बड़े वादे किए गए हैं। सपा ने सत्ता में आने पर प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को हर महीने 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया है। इसके अलावा पार्टी ने छह साल के भीतर 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने और विभिन्न क्षेत्रों में 2 से 3 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा है।
बुजुर्ग महिला कारीगरों को पेंशन और 5 रुपये में भोजन
महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए भी घोषणापत्र में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। सपा ने बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा किया है। इसके साथ ही प्रदेश में समाजवादी कैंटीन स्थापित करने की बात कही गई है, जहां लोगों को महज 5 रुपये में भोजन की थाली उपलब्ध कराई जाएगी। पार्टी ने जातीय जनगणना कराने का भी संकल्प दोहराया है। हालांकि, महिलाओं के लिए अखिलेश यादव ने अलग से एक घोषणापत्र जारी करने की बात कही है, जिसमें आधी आबादी से जुड़े मुद्दों और योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया जाएगा।
अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और पीडीए वर्ग को सरकारी ठेकों में हिस्सेदारी
घोषणापत्र जारी करते हुए अखिलेश यादव ने अल्पसंख्यक समुदाय के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों के खिलाफ होने वाली नफरत और हेट क्राइम की घटनाओं को पूरी तरह रोकने के लिए कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा सपा ने 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलितों और पीडीए वर्ग के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा की है। पार्टी का कहना है कि इससे सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों को सरकारी कार्यों और ठेकों में भागीदारी का अवसर मिलेगा।
जमीन कब्जाने और माफिया गतिविधियों पर रोक के लिए बनेगी विशेष STF
कानून-व्यवस्था और आम लोगों की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर भी सपा ने अपने घोषणापत्र में अहम वादे किए हैं। पार्टी ने कहा है कि किसी भी माफिया या प्रभावशाली व्यक्ति को आम नागरिकों की जमीन पर अवैध कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष STF गठित करने का प्रस्ताव रखा गया है। अखिलेश यादव ने प्रदेश में गुंडों और माफिया तत्वों को पनपने से रोकने की बात भी कही। इसके साथ ही उन्होंने संविधान की रक्षा को लेकर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि संविधान बदलने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। देश संविधान के अनुसार चलेगा, मनमाने फैसलों के आधार पर नहीं।
यूपी को AI और IT हब बनाने का लक्ष्य, गांवों-शहरों में विकसित होंगे वाई-फाई जोन
तकनीक और डिजिटल विकास को लेकर भी समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणापत्र में महत्वाकांक्षी योजनाएं रखी हैं। पार्टी ने उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) हब के रूप में विकसित करने का वादा किया है। इसके अलावा प्रदेश के सभी गांवों और शहरों में वाई-फाई जोन बनाने की योजना का भी जिक्र किया गया है। सपा ने उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी AI राज्य बनाने का संकल्प जताया है। वहीं, घोषणापत्र की तैयारी में रिटायर्ड ब्यूरोक्रेट्स की मदद लिए जाने और चुनावी प्रबंधन से जुड़ी एजेंसी की अहम भूमिका होने की जानकारी भी सामने आई है। अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया है कि पार्टी अभी दो और घोषणापत्र जारी करेगी, जिनमें से एक विशेष रूप से महिलाओं के मुद्दों पर केंद्रित होगा।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
