बंगाल के चुनावी रण में राहुल का तीखा वार: पीएम मोदी और ममता बनर्जी को बताया ‘एक ही सिक्के के दो पहलू’
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। शनिवार 25 अप्रैल को कोलकाता के शहीद मीनार और हुगली के श्रीरामपुर में रैलियों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार ने उन्हें झुकाने के लिए हर संभव कोशिश की लेकिन वे डरने वाले नहीं हैं। राहुल ने भीड़ की ओर इशारा करते हुए कहा “नरेंद्र मोदी ने मेरा घर छीन लिया मेरी संसद सदस्यता छीन ली और मुझ पर 36 केस दर्ज करवा दिए। प्रवर्तन निदेशालय ने मुझसे 55 घंटे तक पूछताछ की लेकिन मैं मोदी से नहीं डरता क्योंकि मैं सच्चाई के लिए लड़ रहा हूँ।”
ममता पर सवाल: ‘मुझ पर 36 केस तो ममता पर एक भी क्यों नहीं?’
राहुल गांधी ने अपनी रैली में एक बड़ा सवाल उठाते हुए तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच ‘अघोषित सांठगांठ’ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस उन लोगों को निशाना बनाते हैं जो उनकी विचारधारा से सीधे लड़ते हैं। राहुल ने पूछा “अगर नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं तो ममता बनर्जी पर अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई? उन पर 36, 38 या 40 केस क्यों नहीं दर्ज हुए? उन्हें ईडी ने घंटों तक पूछताछ के लिए क्यों नहीं बुलाया?” राहुल ने दावा किया कि ममता बनर्जी भाजपा से सीधे नहीं लड़तीं इसीलिए वे सुरक्षित हैं और बंगाल में भाजपा के लिए रास्ता तैयार कर रही हैं।
बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर घेरा बंगाल में बिना पहचान के नहीं मिलती नौकरी
राहुल गांधी ने बंगाल की आर्थिक स्थिति और बेरोजगारी को लेकर भी ममता सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल कभी उद्योगों का केंद्र हुआ करता था लेकिन वामपंथियों और फिर टीएमसी ने इसे बर्बाद कर दिया। राहुल ने कहा “आज बंगाल में नौकरी पाने के लिए आपका टीएमसी नेता का रिश्तेदार होना जरूरी है। बिना राजनीतिक पहचान के यहाँ युवाओं को रोजगार नहीं मिलता।” उन्होंने 2021 के चुनाव में ममता बनर्जी द्वारा किए गए 5 लाख नौकरियों के वादे की याद दिलाते हुए पूछा कि आखिर कितने युवाओं को रोजगार मिला। राहुल ने टीएमसी के शासन में भ्रष्टाचार और ‘गुंडा टैक्स’ की वसूली का भी जिक्र किया।
मोदी-ममता की कार्यशैली एक जैसी: दिल्ली और बंगाल का दिया उदाहरण
विपक्ष के नेता ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना करते हुए कहा कि दोनों के काम करने का तरीका बिल्कुल एक जैसा है। राहुल के अनुसार “जो काम मोदी जी दिल्ली में बैठकर पूरे देश के साथ कर रहे हैं वही काम ममता जी बंगाल में कर रही हैं।” उन्होंने कहा कि दोनों ही नेता केवल अपने बारे में सोचते हैं और आम जनता की आकांक्षाओं की उन्हें परवाह नहीं है। राहुल ने बंगाल की जनता से कांग्रेस को एक विकल्प के रूप में चुनने की अपील की और कहा कि केवल कांग्रेस ही भाजपा और आरएसएस की नफरत भरी विचारधारा का मजबूती से मुकाबला कर सकती है। अब देखना यह है कि राहुल के इन तीखे हमलों का चुनाव परिणामों पर क्या असर पड़ता है।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1