कार्तिक आर्यन ने किया बड़ा ऐलान, अब एक्टिंग के साथ फिल्म प्रोडक्शन में भी आजमाएंगे हाथ

Kartik

कार्तिक आर्यन अपने फैंस को सरप्राइज देने का कोई मौका नहीं छोड़ते। इस बार भी उन्होंने अपने जन्मदिन पर कुछ ऐसा ही किया। एक्टर ने अपनी नई फिल्म ‘कालिया’ का ऐलान किया है। खास बात ये है कि इस फिल्म के जरिए कार्तिक सिर्फ एक्टिंग ही नहीं, बल्कि प्रोडक्शन की दुनिया में भी कदम रखने जा रहे हैं।

फिल्म को करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस के साथ मिलकर बनाया जाएगा। इसका टीजर सामने आते ही कहानी को लेकर लोगों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। वजह है फिल्म का कॉन्सेप्ट, जो भारतीय पौराणिक कथाओं को हॉरर और मॉन्स्टर थ्रिलर के साथ जोड़ता नजर आ रहा है।

टीजर में एक मां अपने बच्चे को कालिया नाग की कहानी सुनाती दिखाई देती है। वही कालिया नाग, जिसका सामना भगवान श्रीकृष्ण ने किया था और उसे यमुना नदी से बाहर निकाल दिया था। लेकिन कहानी में असली ट्विस्ट तब आता है, जब टीजर वर्तमान समय में पहुंचता है। नदी के किनारे एक कुत्ता किसी खतरे को महसूस करता है और तभी पानी से एक विशाल डरावना जीव बाहर आता दिखाई देता है।

इसके बाद स्क्रीन पर एक लाइन दिखाई देती है, ‘श्रीकृष्ण ने उसे भगा दिया था, हम इंसानों ने उसे वापस बुला लिया।’ यही लाइन फिल्म की कहानी को लेकर कई सवाल खड़े करती है। ऐसा लगता है कि मेकर्स पौराणिक कहानी को आज के दौर की परिस्थितियों से जोड़कर एक नई तरह की हॉरर फिल्म बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

कार्तिक के लिए यह फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि वह अपने प्रोडक्शन हाउस Dopamine Studios के जरिए इसके को-प्रोड्यूसर भी हैं। फिल्म का निर्देशन संदीप मोदी कर रहे हैं, जो ‘आर्या’ और ‘द नाइट मैनेजर’ जैसे प्रोजेक्ट्स से जुड़े रहे हैं।

फिल्म की रिलीज डेट 5 मई 2028 बताई गई है। हालांकि, अभी इसकी बाकी स्टारकास्ट और कहानी के कई पहलुओं पर जानकारी सामने आना बाकी है।

अब देखना होगा कि कार्तिक का यह नया एक्सपेरिमेंट दर्शकों को कितना पसंद आता है। फिलहाल टीजर ने फिल्म को लेकर अच्छी-खासी उत्सुकता जरूर पैदा कर दी है।

××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group

https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1

Share:

Written by 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *