बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी इन दिनों खूब चर्चा में है। शादी में मेहमानों की भीड़, शानदार इंतजाम और भव्य भोज की तस्वीरें तो सामने आ ही रही थीं, लेकिन अब इस समारोह का एक ऐसा वीडियो वायरल हो गया है, जिसने पुलिस विभाग को भी सवालों के घेरे में ला दिया है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में बिहार पुलिस का एक जवान वर्दी पहने शादी में आए मेहमानों को खाना परोसता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि आखिर सरकारी ड्यूटी पर तैनात एक जवान शादी समारोह में खाना क्यों परोस रहा था?
मामला अधिकारियों तक पहुंचा तो जांच शुरू हुई और अब संबंधित जवान पर कार्रवाई भी कर दी गई है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, इस जवान की पहचान सतीश कुमार के रूप में हुई है। वह बिहार गृह रक्षा वाहिनी यानी होमगार्ड में तैनात हैं। उनकी ड्यूटी शादी समारोह के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए लगाई गई थी। लेकिन वायरल वीडियो में वह ट्रैफिक संभालने के बजाय मेहमानों को खाना परोसते नजर आए।
वीडियो सामने आने के बाद पटना ट्रैफिक पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। जांच के बाद ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने सतीश कुमार को तत्काल प्रभाव से जिला मुख्यालय में लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही उन्हें ट्रैफिक ड्यूटी से भी हटा दिया गया है। जवान से इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
शादी की भव्यता भी रही थी चर्चा में
आपको बता दें कि अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को पटना के नदवां गांव में हुई थी। इस शादी में बड़ी संख्या में मेहमान पहुंचे थे। समारोह में शानदार इंतजाम किए गए थे और भोज को लेकर भी काफी चर्चा रही।
बताया जा रहा है कि शादी में लाखों लोगों के खाने की व्यवस्था की गई थी। बड़े स्तर पर रसोइयों और कर्मचारियों को लगाया गया था। हालांकि, अब शादी की भव्यता से ज्यादा चर्चा उस वायरल वीडियो की हो रही है, जिसमें एक सरकारी जवान वर्दी में मेहमानों की सेवा करता दिखाई दे रहा है।
फिलहाल, इस मामले में विभागीय कार्रवाई शुरू हो चुकी है। अब देखना होगा कि जवान की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण के बाद पुलिस विभाग आगे क्या कदम उठाता है।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group