सच बताऊं तो आजकल हम जिस तरह की लाइफ जी रहे हैं, उसमें शांति ढूंढना बड़ा मुश्किल काम हो गया है। ऐसे में जब महावीर जयंती आती है, तो बहुतों के लिए ये बस एक छुट्टी का अहसास होता है। लेकिन अगर आप थोड़ा रुककर सोचें, तो भगवान महावीर ने जो बातें साढ़े 2500 साल पहले कही थीं वो आज के ‘स्ट्रेस’ वाले दौर में सबसे ज्यादा फिट बैठती हैं। बिहार के एक राजघराने में पैदा हुए वर्धमान ने जब सब कुछ छोड़कर तपस्या का रास्ता चुना, तो उनका मकसद सिर्फ अपना भला करना नहीं था, बल्कि दुनिया को ये समझाना था कि असली खुशी बाहर की चीजों में नहीं बल्कि अपने अंदर होती है।
सोशल मीडिया के दौर में ‘जियो और जीने दो’ की अहमियत
आजकल हम छोटी-छोटी बातों पर सोशल मीडिया पर लड़ पड़ते हैं या ऑफिस की टेंशन घर ले आते हैं। महावीर स्वामी का जो सबसे बड़ा मंत्र है ‘जियो और जीने दो’ वो आज के दौर की सबसे बड़ी जरूरत है। इसका मतलब सिर्फ ये नहीं कि आप किसी को मारें नहीं, बल्कि इसका गहरा मतलब ये है कि आप दूसरों के विचारों का सम्मान करें। हम अक्सर चाहते हैं कि सब हमारी तरह सोचें लेकिन महावीर ने सिखाया कि हर इंसान का अपना नजरिया हो सकता है। अगर हम सिर्फ इतनी सी बात समझ लें तो आधे झगड़े तो वैसे ही खत्म हो जाएंगे।
अपरिग्रह: दिखावे की दुनिया और मानसिक सुकून
एक और चीज जो मुझे बहुत इम्प्रेस करती है वो है अपरिग्रह यानी चीजों को जरूरत से ज्यादा इकट्ठा न करना। आज हम सब ‘कलेक्शन’ के पीछे भाग रहे है नए फोन, ब्रांडेड कपड़े और न जाने क्या-क्या। महावीर कहते थे कि जितनी ज्यादा चीजें आप जोड़ोगे उतनी ही आपकी चिंता बढ़ेगी। अगर हम अपनी लाइफ को थोड़ा सिंपल बना लें और फालतू की भागदौड़ कम कर दें, तो मानसिक सुकून अपने आप मिल जाएगा।
सिर्फ रस्म नहीं, खुद में बदलाव लाना जरूरी है
महावीर जयंती मनाने का असली मतलब मंदिर जाकर मत्था टेकना तो है ही, पर उससे बड़ा मतलब ये है कि क्या हम अपने अंदर के गुस्से और लालच को थोड़ा कम कर पाए? उन्होंने कभी नहीं कहा कि आप सब कुछ छोड़कर जंगल चले जाओ, उन्होंने बस ये सिखाया कि अपनी मर्यादा में रहकर दूसरों के प्रति दया भाव रखो। चाहे वो कोई जानवर हो या कोई परेशान इंसान सबकी मदद करना ही असली धर्म है। इस जयंती पर अगर हम उनकी एक भी बात अपनी लाइफ में उतार लें तो समझो हमारा ये दिन मनाना सफल हो गया। बस यही सादगी ही इंसान को असल में महावीर बनाती है।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1