New Delhi: संविधान गौरव दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली के श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व और जिम्मेदारी का विषय है। उन्होंने अफसोस जताया कि आजादी के बाद संविधान को केवल सरकार चलाने वाली एक मार्गदर्शिका के रूप में देखा गया, जबकि इसकी मूल भावना और मूल्यों को देश के किशोरों, युवाओं और आम नागरिकों तक पहुंचाने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 में फैसला किया था कि हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाएगा, ताकि संविधान के सर्वोच्च मूल्यों को स्कूलों, कॉलेजों और देश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाया जा सके।
विपक्ष पर निशाना, सत्ता का असली अधिकार जनता के पास
अपने संबोधन में अमित शाह ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में सत्ता किसे मिलेगी, इसका फैसला करने का अधिकार केवल जनता के पास है। संविधान निर्माताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत जनता को सरकार चुनने का अधिकार दिया और साथ ही यह भी सुनिश्चित किया कि सत्ता में आने वाली सरकार संविधान की निर्धारित सीमाओं के भीतर रहकर काम करे। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना का प्रत्येक शब्द एक महान भारत के निर्माण के उद्देश्य से लिखा गया है और सभी नागरिकों को इसकी भावना को समझना चाहिए।
संविधान की मूल प्रति में दर्ज चित्रों का किया उल्लेख
अमित शाह ने संविधान की मूल भावना को समझने के लिए उसकी मूल प्रति देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि संविधान की मूल प्रति के विभिन्न अध्यायों की शुरुआत में नंदलाल बोस द्वारा बनाए गए ऐतिहासिक और सांस्कृतिक चित्र शामिल हैं। इनमें भगवान श्रीराम का अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोबिंद सिंह जी, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे प्रसंगों को दर्शाया गया है। शाह ने कहा कि जो लोग संविधान की बात करते हैं, उन्हें संसद की लाइब्रेरी में जाकर इसकी मूल प्रति और उसमें मौजूद चित्रों को देखना चाहिए, ताकि वे भारतीय सभ्यता, संस्कृति और संविधान की भावना को बेहतर ढंग से समझ सकें।
UCC को लेकर बोले अमित शाह, सभी नागरिकों के लिए समान कानून की वकालत
समान नागरिक संहिता (UCC) के मुद्दे पर भी गृह मंत्री ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने UCC को राज्य के नीति-निर्देशक सिद्धांतों में शामिल किया था। शाह के मुताबिक, देश के प्रत्येक नागरिक को, चाहे उसका धर्म हिंदू, सिख, मुस्लिम, ईसाई या पारसी हो, समान कानून के तहत रहने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून का आधार धर्म नहीं होना चाहिए और सभी नागरिकों के लिए समान कानूनी व्यवस्था होनी चाहिए।
नक्सलवाद के नुकसान का जिक्र, बस्तर के उदाहरण से बताई संवैधानिक अधिकारों की अहमियत
अपने संबोधन के दौरान अमित शाह ने नक्सलवाद से प्रभावित बस्तर का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां आज भी ऐसे बुजुर्ग देखने को मिलते हैं, जिनके पास राशन कार्ड, मतदाता सूची में नाम, बिजली और पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं तक नहीं थीं। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों से नक्सलवाद के कारण हुए नुकसान का अंदाजा लगाया जा सकता है। शाह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की राजनीतिक इच्छाशक्ति के कारण नक्सलवाद को खत्म करने की दिशा में कामयाबी मिली और 21 करोड़ लोगों तक उनके संवैधानिक रूप से सुनिश्चित अधिकार पहुंचाने का काम किया गया। वहीं, संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लेख के माध्यम से विपक्ष को संदेश दिया और युवाओं से संविधान के मूल्यों को समझने की अपील की।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
