New Delhi: एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत की पुरुष और महिला कबड्डी टीमों का ऐलान कर दिया गया है। मौजूदा चैंपियन भारतीय पुरुष टीम इस बार जापान के ऐची-नागोया में अपने स्वर्ण पदक का बचाव करने उतरेगी। पुरुष टीम में स्टार रेडर अयान लोछब और देवांक दलाल को शामिल किया गया है, जबकि प्रो कबड्डी लीग के कई बड़े नाम भी टीम का हिस्सा बने हैं। अयान और देवांक पिछले सीजन के शीर्ष रेडरों में शामिल रहे हैं और एशियन गेम्स में भारतीय टीम के आक्रमण को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
अर्जुन देशवाल और आशु मलिक से मजबूत होगा आक्रमण
भारतीय पुरुष टीम की रेडिंग यूनिट में अर्जुन देशवाल और आशु मलिक भी शामिल हैं, जिससे टीम का आक्रमण बेहद मजबूत नजर आ रहा है। वहीं, डिफेंस की जिम्मेदारी अनुभवी खिलाड़ी सुनील कुमार के साथ सुमित सांगवान, जयदीप दहिया, राहुल सेठपाल और गौरव खत्री जैसे खिलाड़ियों के कंधों पर होगी। इसके अलावा अंकित जगलान को भी टीम में जगह मिली है। भारत की 12 सदस्यीय पुरुष टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलन देखने को मिल रहा है।
पवन सहरावत और असलम इनामदार होंगे ऑलराउंडर
टीम में अनुभवी ऑलराउंडर पवन सहरावत और असलम इनामदार को भी शामिल किया गया है। दोनों खिलाड़ी पहले भी एशियन गेम्स में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीत चुके हैं और उनका अनुभव टीम के लिए काफी अहम माना जा रहा है। हांगझोउ एशियन गेम्स 2023 में गोल्ड जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम के केवल चार खिलाड़ियों—अर्जुन देशवाल, सुनील कुमार, पवन सहरावत और असलम इनामदार—को इस बार की टीम में बरकरार रखा गया है। ऐसे में बाकी नए खिलाड़ियों के सामने भी बड़े मंच पर खुद को साबित करने का शानदार मौका होगा।
महिला टीम में रितु नेगी समेत 12 खिलाड़ियों को जगह
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत की 12 सदस्यीय महिला कबड्डी टीम की भी घोषणा कर दी गई है। टीम में रितु नेगी, पुष्पा राणा, सोनाली शिंगाटे, संजू देवी, पूजा काजला, रितु श्योराण, ज्योति ठाकुर, पिंकी रॉय, मनीषा कुमारी, भावना ठाकुर, राजरानी और निकिता कुमारी को शामिल किया गया है। दोनों भारतीय टीमें एशियाई मंच पर देश के लिए शानदार प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेंगी।
21 से 26 सितंबर तक होगा कबड्डी का मुकाबला
एशियन गेम्स का 20वां संस्करण 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान के ऐची-नागोया में आयोजित होगा। कबड्डी प्रतियोगिताएं 21 से 26 सितंबर के बीच नागोया सिटी ट्रेड एंड इंडस्ट्री सेंटर में खेली जाएंगी। मौजूदा चैंपियन के रूप में भारतीय पुरुष टीम पर खिताब बचाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी, जबकि महिला टीम भी एशियाई मंच पर दमदार प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
