New Delhi: देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अब मौसम करवट लेने लगा है। मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसके चलते मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। खासतौर पर केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं कई इलाकों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मौसम अचानक बदल सकता है।
दिल्ली-यूपी में गर्मी बरकरार, लेकिन बारिश की उम्मीद
राजधानी दिल्ली में फिलहाल गर्मी और लू से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। हालांकि 25 मई के आसपास हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी 29 मई तक लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी जैसे शहरों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में आंधी और बारिश के आसार भी बने हुए हैं, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
बिहार, झारखंड और पंजाब में मौसम का बदलेगा रंग
बिहार में उमस भरी गर्मी के साथ तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। पटना, गया और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर रहने की संभावना है। झारखंड में भी 24 से 29 मई के बीच कई इलाकों में तेज हवाओं और अच्छी बारिश का अनुमान लगाया गया है। दूसरी ओर पंजाब में अभी भी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। अमृतसर, लुधियाना और पटियाला जैसे शहरों में लू का प्रकोप जारी रहेगा, हालांकि महीने के आखिर तक बारिश से मौसम में कुछ नरमी आ सकती है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदलने वाला है। शिमला, मनाली और धर्मशाला में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। वहीं उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और पहलगाम जैसे इलाकों में भी अगले दो दिनों तक खराब मौसम बना रह सकता है।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
