सावन महीने की पावन शुरुआत आज से शुरू हो गई है।इस पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में स्थित अपने आवास के शक्तिपीठ में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने विधिपूर्वक रुद्राभिषेक कर भगवान शिव का जल, दूध और ऋतुफलों के रस से अभिषेक किया। इस मौके पर मंदिर के विद्वान आचार्यों और पुरोहितों ने वैदिक परंपराओं के अनुसार मंत्रोच्चार करते हुए पूरे अनुष्ठान को संपन्न कराया।पूजन के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने भगवान शिव को बेलपत्र, दुर्वा, मदार के पत्ते, कमल पुष्प सहित विभिन्न पूजन सामग्रियां समर्पित कीं। शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी मंत्रों के बीच रुद्राभिषेक का यह विशेष आयोजन श्रद्धा और आस्था के साथ संपन्न हुआ। पूरे शक्तिपीठ परिसर में वैदिक मंत्रों की पावन ध्वनि गूंजती रही।पौराणिक मान्यतानुसार कहते हैं कि इसी महीने में समुद्र मंथन हुआ था और समुद्र मंथन से जो विष निकला, उसका भगवान शिव ने हलाहल विष का पान किया था।तब से ये परंपरा चली आ रही है कि सावन में भगवान शिव को जल चढ़ाया जाता है।सारे साल का फल भक्त सावन में पूजा करके पा सकते हैं।
हवन कर मांगी प्रदेशवासियों की मंगलकामना
रुद्राभिषेक के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हवन अनुष्ठान भी किया। अग्नि में आहुतियां देते हुए उन्होंने संपूर्ण चराचर जगत के कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश की जनता के स्वास्थ्य, सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए प्रदेशवासियों के उज्जवल भविष्य की मंगलकामना की।योगी आदित्यनाथ का यह धार्मिक अनुष्ठान न सिर्फ आध्यात्मिक महत्व रखता है, बल्कि यह जनसेवा और लोककल्याण के उनके दृष्टिकोण को भी दर्शाता है। सावन के पहले दिन उनके इस पूजन कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में भी विशेष उत्साह देखा गया। मुख्यमंत्री का यह संदेश साफ था कि आस्था के साथ जनहित की भावना का मेल ही सच्ची सेवा हैं
सीएम योगी ने X पर किया पोस्ट
सीएम योगी ने एक्स पर लिखा, ‘शान्ताकारं शिखरिशयनं नीलकण्ठं सुरेशं, विश्वाधारं स्फटिकसदृशं शुभ्रवर्णं शुभाङ्गम्। गौरीकान्तं त्रितयनयनं योगिभिर्ध्यानगम्यं, वन्दे शम्भुं भवभयहरं सर्वलोकैकनाथम्।।’ देवाधिदेव महादेव के प्रिय श्रावण मास के प्रथम दिवस के पावन अवसर पर आज गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर समस्त प्रदेश वासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। हर हर महादेव!’ बता दें कि सावन मास को भगवान शिव का प्रिय महीना माना जाता है। इस दौरान गोरखनाथ मंदिर में भी श्रद्धालु दर्शन-पूजन करते हैं।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1