कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र की मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा प्रहार किया है। बिहार की राजधानी पटना में आयोजित इंडिया गठबंधन के चक्काजाम कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे राहुल गांधी ने अपने संबोधन के दौरान चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में जिस तरह से विधानसभा चुनावों में वोटों की हेराफेरी हुई, वैसी ही साजिश अब बिहार में भी रची जा रही है। इसके बाद राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र में इंडिया गठबंधन ने लोकसभा चुनावों में सफलता पाई, लेकिन जब विधानसभा चुनाव हुए तो नतीजे चौंकाने वाले थे। उन्होंने आरोप लगाया कि जब इस मामले की जांच की गई, तो यह सामने आया कि लोकसभा की तुलना में विधानसभा चुनाव में एक करोड़ से अधिक वोटों की वृद्धि दर्ज की गई, जो बेहद असामान्य है। उन्होंने कहा कि एक ही दिन में हजारों की संख्या में वोटर रजिस्टर किए गए, जबकि गरीब और वंचित तबके के मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब कर दिए गए।उन्होंने कहा कि जब चुनाव आयोग से वोटर लिस्ट की मांग की गई, तो आयोग ने कोई जवाब नहीं दिया। जबकि कानूनन यह सूचनाएं राजनीतिक दलों को दी जानी चाहिए। राहुल गांधी का कहना है कि चुनाव आयोग की चुप्पी यह दर्शाती है कि कुछ छुपाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि बिहार में भी महाराष्ट्र जैसी “चुनावी चोरी” को अंजाम देने की तैयारी है, लेकिन यहां की जनता अपना अधिकार छिनने नहीं देगी।
चुनाव आयोग हो गया है ,भाजपा का एजेंट
अपने भाषण में राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी बड़ा सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि आयोग अब अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी से भटक चुका है और भाजपा और आरएसएस के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि पहले चुनाव आयुक्त का चयन सभी दलों और देश के मुख्य न्यायाधीश की सहमति से होता था, लेकिन अब यह अधिकार सिर्फ केंद्र सरकार के पास है, जिससे आयोग की स्वतंत्रता पर प्रश्नचिन्ह लग गया है।राहुल गांधी ने चेताया कि संविधान सब पर लागू होता है, चाहे वह आम नागरिक हो या संवैधानिक पदों पर बैठे लोग। उन्होंने कहा कि भारत का कानून किसी को नहीं छोड़ता और अगर किसी ने जनमत से खिलवाड़ करने की कोशिश की तो उसे जवाब देना पड़ेगा।
वोट की नहीं, भविष्य की भी हो रही है चोरी
राहुल गांधी ने कहा कि यह सिर्फ वोट की चोरी नहीं है, बल्कि यह गरीबों के भविष्य को लूटने की साजिश है। उन्होंने बिहार की जनता से आह्वान किया कि वे सतर्क रहें और अपने वोट की रक्षा करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इंडिया गठबंधन उनके साथ खड़ा है और किसी भी सूरत में लोकतंत्र की हत्या नहीं होने देगा।राहुल गांधी ने कहा कि बिहार का इतिहास संघर्ष का रहा है और यहां की जनता अपने अधिकार के लिए हमेशा लड़ी है। आज जब लोकतंत्र खतरे में है, तो एक बार फिर बिहार को उदाहरण बनकर सामने आना होगा।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1