देर से ही सही भारतीय फुटबाल बदलने का अहसास करा रही है l हालांकि पुरुष खिलाड़ियों का प्रदर्शन शर्मसार करने वाला है जोकि फीफा रैकिंग में 133 वें स्थान पर पिछड़ गए हैं लेकिन महिला खिलाड़ियों ने देर से पर सही दिशा में कदम बढ़ाने का संकेत दिया है l
हालांकि फुटबाल को प्राय पुरुष प्रधान खेल माना जाता है, जिसमें भारत दोनों ही वर्गों में फिसड्डी देशों में शुमार किया जाता है l लेकिन अब भारतीय महिलाओं ने बदलाव का संकेत दिया है l उनका हाल का प्रदर्शन चर्चा का विषय बना है l देखना यह होगा कि यह प्रदर्शन तीर तुक्का नहीं होगा l
हालांकि पिछले साठ सालों से भारतीय पुरुष टीम को लेकर विश्व कप खेलने के कयास लगाए जा रहे हैं l लेकिन मैच दर मैच हमारी टीम बद से बदतर प्रदर्शन कर थू थू की पात्र बनी हुई है l सच तो यह है कि पुरुषों के वर्ल्ड कप खेलने के आसार बिल्कुल भी नज़र नहीं आते l दूसरी तरफ महिला खिलाड़ी लगभग सभी वर्गों में वापसी करती दिखाई पड़ती हैं l हालांकि अभी कुछ भी कहना, कोई दावा करना ठीक नहीं होगा लेकिन महिला टीम की रैकिंग सुधर रही है l यह भी सच है कि महिलाएं जहाँ बीस साल पहले थीं वहाँ पहुँच कर आगे बढ़ने के लिए कमर कस रही हैं l
पुरुष टीम पर करोड़ों खर्च किए जा चुके हैं लेकिन इस टीम ने जैसे नहीं सुधरने की कसम खा ली है l गोरे कोच उन्हें सिखाने पढाने आते हैं, लाखों करोड़ों डकारते हैं और भारतीय फुटबाल को बुरा भला कहते हुए लौट जाते हैं l लगभग 14 साल के बनवास के बाद देसी कोच को बागडोर सौंपी गई हैl फिलहाल अपने कोच की रणनीति पर पुरुष फुटबाल की दशा दिशा तय होनी है l जहाँ तक महिलाओं की बात है तो टीम प्रबंधन के प्रयासों, कोच की सूझ बूझ और सबसे बढ़कर खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण से बेहतर रिजल्ट आ रहे हैं l उम्मीद की जा रही है कि आने वाले 15-20 सालों में हमारी बेटियां वर्ल्ड कप खेल जाएंगी और पुरुष खिलाड़ी देखते रह जाएंगे l लेकिन इस विश्वास को ज़िंदा रखने के लिए महिला खिलाड़ियों को आत्मविश्वास बनाए रखना होगा l 2026 अंडर 20 और सीनियर राष्ट्रीय टीम के लिए असली अग्नि परीक्षा का साल होने जा रहा है l दोनों वर्गों में ए एफ सी कप में असली परीक्षा होगी l क्रमश थाईलैंड और ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टूर्नामेंट भारतीय महिला फुटबाल के भविष्य का निर्धारण करेंगे लेकिन पुरुषों को अभी कई बाधाएं पार करनी हैंl अपनी महिला खिलाड़ियों ने पुरुषों को शर्मसार कर फिलहाल बढ़त तो बना ली है l
![]() |
Rajender Sajwan, Senior, Sports Journalist |
