New Delhi: भारत के भालाफेंक स्टार नीरज चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग में 90 मीटर की सीमा को पार करते हुए 90.23 मीटर का शानदार थ्रो किया। यह उनकी अब तक की सर्वश्रेष्ठ थ्रो रही, लेकिन इसके बावजूद वे प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहे। जर्मनी के जूलियन वेबर ने अंतिम प्रयास में 91.06 मीटर का थ्रो कर पहला स्थान हासिल किया। दिलचस्प बात यह रही कि वेबर ने भी पहली बार 90 मीटर से अधिक थ्रो किया और ऐसा करने वाले दुनिया के 26वें खिलाड़ी बन गए। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने 84.65 मीटर के थ्रो के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
नीरज बोले- 90 मीटर पार करना गर्व का क्षण, पर अनुभव मिला खट्टा-मीठा
मैच के बाद नीरज ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “90 मीटर की बाधा पार करके बहुत अच्छा लग रहा है, लेकिन यह अनुभव थोड़ा खट्टा-मीठा रहा।” उन्होंने बताया कि उनके कोच जान जेलेंजी ने पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी कि वह यह उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। नीरज ने बताया कि मौसम और हवा की दिशा अनुकूल थी और उन्होंने खुद जूलियन से कहा था कि आज वे दोनों 90 मीटर थ्रो कर सकते हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि आने वाले टूर्नामेंट्स में वह इससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रखते हैं।
टोक्यो चैंपियन अब बने एशिया के तीसरे 90+ मीटर थ्रोअर
नीरज अब 90 मीटर पार करने वाले दुनिया के 25वें और एशिया के तीसरे भालाफेंक खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले पाकिस्तान के अरशद नदीम (92.97 मीटर) और ताइवान के चाओ सुन चेंग (91.36 मीटर) ही यह मुकाम हासिल कर सके थे। नीरज के कोच जान जेलेंजी खुद 90 मीटर से ऊपर थ्रो करने वाले दिग्गजों में शामिल हैं और उनकी कोचिंग का असर नीरज के प्रदर्शन में साफ दिखा।
चोपड़ा का प्रदर्शन रहा उतार-चढ़ाव भरा, किशोर जेना आठवें स्थान पर
नीरज ने प्रतियोगिता की शुरुआत 88.44 मीटर की थ्रो से की, जबकि उनका दूसरा प्रयास फाउल रहा। तीसरे प्रयास में उन्होंने 90.23 मीटर की ऐतिहासिक थ्रो फेंकी, लेकिन उसके बाद उनके प्रदर्शन में गिरावट देखने को मिली। अगले थ्रो 80.56 मीटर, एक फाउल और 88.20 मीटर रहे। भारत के किशोर जेना ने 78.60 मीटर की थ्रो के साथ आठवां स्थान हासिल किया।
दोहा डायमंड लीग में नीरज का सफर
नीरज चोपड़ा ने पहली बार 2018 में दोहा डायमंड लीग में भाग लिया था, जब वह 87.43 मीटर के थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहे थे। 2023 में उन्होंने 88.67 मीटर थ्रो कर पहली बार खिताब जीता, जबकि 2024 में उन्होंने 88.36 मीटर थ्रो के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। इस बार 90 मीटर पार कर उन्होंने अपने करियर को एक नई ऊंचाई दी है और आगे और बेहतर प्रदर्शन का संकेत दिया है।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |