ओलंपिक मेडलिस्ट भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल ने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। साइना नेहवाल ने प्रतिस्पर्धी खेल से संन्यास की पुष्टि करते हुए कहा कि उनका शरीर अब एलीट खेल की मांगों के अनुरूप उनका साथ नहीं दे रहा है। ऐसे में वह इस खेल को जारी नहीं रख पाएंगी। लंदन ओलंपिक 2012 की कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल ने आखिरी बार प्रतिस्पर्धी मैच 2023 में सिंगापुर ओपन में खेला था। बीते करीब ढाई-तीन साल से वह प्रोफेशनल बैडमिंटन में नजर नहीं आई हैं। घुटना उनका साथ नहीं दे रहा, जिस वजह से वह काफी समय से बैडमिंटन कोर्ट से दूर थीं।
साइना का बयान
साइना ने कहा मैंने दो साल पहले ही खेलना बंद कर दिया था। मुझे लगा कि मैंने अपने दम पर खेल शुरू किया और अपने ही फैसले से इसे छोड़ा, इसलिए अलग से घोषणा करने की जरूरत नहीं लगी। उन्होंने कहा, दुनिया में सर्वश्रेष्ठ बनने के लिए आपको रोज आठ-नौ घंटे ट्रेनिंग करनी होती है। लेकिन मेरा घुटना एक-दो घंटे में ही जवाब देने लगा था। सूजन आ जाती थी और उसके बाद खुद को आगे धकेलना बेहद मुश्किल हो जाता था। तब मुझे लगा कि अब बस, इससे ज्यादा नहीं।
गोल्ड मेडल भी जीत चुकी है
कॉमनवेल्थ गेम्स में भी गोल्ड जीत चुकीं साइना ने 2008 में बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप जीतकर पहली बार सुर्खियां बटोरी थीं। वे 2009 में BWF सुपर सीरीज प्रतियोगिता जीतने वाली पहली भारतीय बनीं। इसके बाद 2010 और 2018 के कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीते।
बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतने वाली पहली महिला
बैडमिंटन में ओलंपिक कांस्य पदक जीतने वाली वे पहली भारतीय खिलाड़ी थीं। इसके अलावा विश्व रैंकिंग में नंबर 1 प्लेयर भी वह साल 2015 में रहीं। बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप 2008 में उन्होंने जीती, जबकि सुपर सीरीज खिताब 2009 उन्होंने अपने नाम किया हुआ है। वह इन खेलों में दो सिंगल गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी हैं।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1