New Delhi: बिहार का सीवान, जो कभी बाहुबली शहाबुद्दीन का गढ़ माना जाता था, अब राजनीतिक हलचल का केंद्र बन गया है। 2020 के विधानसभा चुनाव में सीवान जिले की सभी छह सीटों पर महागठबंधन का कब्जा था — तीन आरजेडी, दो भाकपा (माले) और एक कांग्रेस। लेकिन अब बीजेपी इस समीकरण को बदलने की कोशिश में जुटी है। बुधवार को इसी रणनीति के तहत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीवान से चुनावी बिगुल फूंका। उन्होंने रघुनाथपुर सीट को एनडीए के लिए “शुभ” बताते हुए कहा — “108 रघुनाथपुर सीट का नंबर है और 108 सनातन धर्म का शुभ अंक है, इसलिए शुभ अंक में एनडीए ही आना चाहिए, किसी अशुभ को नहीं।”
“जंगलराज को दोबारा मत आने देना” — विपक्ष पर करारा वार
सीएम योगी ने अपनी सभा में बिना नाम लिए तेजस्वी यादव, राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर भी तीखे तंज कसे। उन्होंने कहा, “सीवान में जंगलराज फिर से नहीं आने देना चाहिए। आपने देखा होगा कि किस तरह एक समय यहां चांदबाबू के पुत्र पर एसिड से हमला हुआ था। ऐसे अपराधी फिर से सक्रिय न हो जाएं।”
योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस, आरजेडी और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि “ये दल उन लोगों को गले लगाते हैं जो बाबर और औरंगजेब की मजारों पर सजदा करते हैं। जबकि हम वो लोग हैं जो गर्व से कहते हैं — ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’ और हमने वह कर दिखाया।”
‘जीरो टॉलरेंस’ नीति की याद दिलाई, ओसामा पर निशाना
योगी आदित्यनाथ ने आरजेडी के प्रत्याशी को अपराधी पृष्ठभूमि वाला बताते हुए कहा कि “रघुनाथपुर में आरजेडी ने जिस उम्मीदवार को उतारा है, वह अपनी खानदानी आपराधिक छवि के लिए देशभर में कुख्यात है।” उन्होंने कहा कि यूपी की तरह ही बिहार में भी अपराधियों के प्रति “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई जानी चाहिए।
गौरतलब है कि आरजेडी ने इस बार सीवान से दिवंगत शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा को उम्मीदवार बनाया है। इसी को लेकर योगी ने कटाक्ष किया — “जैसा नाम, वैसा काम।” उन्होंने जनता से अपील की कि वे महागठबंधन के “झांसे” में न आएं और बिहार को फिर से अपराधमुक्त बनाए रखें।
“एनडीए बिहार की पहचान वापस दिला रहा है” — योगी का दावा
सीएम योगी ने कहा कि “एनडीए की डबल इंजन की सरकार बिहार की खोई हुई पहचान को वापस ला रही है।” उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य ने बीते दो दशकों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
योगी ने कहा कि “2005 से पहले बिहार अपनी पहचान के संकट से गुजर रहा था, लेकिन अब यह वही बिहार है जो अपने गौरवशाली अतीत को फिर से हासिल कर रहा है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि “महागठबंधन के झूठे वादों में न आएं, क्योंकि एनडीए ही विकास और स्थिरता की गारंटी है।”
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
