गोवा से ओडिशा तक बदला मौसम का रुख, केरल-कर्नाटक में रेड अलर्ट, भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

Heavy Rain 2

New Delhi: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार, 16 जून के लिए गोवा, केरल और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है। केरल में रविवार से ही तेज बारिश जारी है और 18 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। स्थिति को देखते हुए त्रिशूर, वायनाड, कोट्टायम, कोझिकोड जैसे जिलों में शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। मछुआरों को 18 जून तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है, क्योंकि तटीय क्षेत्रों में 3.1 से 3.4 मीटर ऊंची लहरें उठने की संभावना है।

उत्तर भारत में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना

दिल्ली के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रविवार सुबह हुई बारिश ने राजधानीवासियों को भीषण गर्मी से राहत दी। सफदरजंग में 33.5 मिमी, लोधी रोड पर 32 मिमी और पूसा केंद्र में 27.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश, बिजली चमकने और 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी है। बारिश के चलते राजधानी के कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है, जबकि एक्यूआई 62 के साथ वायु गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ रही।

पूर्वी राज्यों में बिजली गिरने की चेतावनी, उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट

छत्तीसगढ़ और ओडिशा में मौसम विभाग ने हल्की बारिश के साथ तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। लोगों को सलाह दी गई है कि बारिश के दौरान बड़े पेड़ों के नीचे खड़े न हों। वहीं उत्तराखंड में आगामी एक सप्ताह तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। इस वजह से वहां भी ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है।

वाराणसी देश का सबसे गर्म शहर, कई राज्यों में लू का असर

भीषण गर्मी से जूझते उत्तर भारत के कई इलाकों में अब भी लू का असर बना हुआ है। 15 जून को वाराणसी देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा उरई, गाजीपुर, बठिंडा (पंजाब), सिरसा (हरियाणा), सीधी (मध्य प्रदेश) और चूरू (राजस्थान) जैसे शहरों में भी तापमान 41 से 42 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।

××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group

https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1

Pooja Kumari Ms. Pooja,
Share:

Written by 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *