New Delhi: उत्तर प्रदेश में मानसून ने पूरी तरह दस्तक दे दी है और कई जिलों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो चुका है। मौसम विभाग ने 22 और 23 जून को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में मूसलाधार बारिश का पूर्वानुमान जताया है। पश्चिमी यूपी के अनेक स्थानों पर और पूर्वी यूपी में अधिकांश इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं, साथ ही बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
सोनभद्र और श्रावस्ती में सबसे ज्यादा बारिश, ऑरेंज अलर्ट जारी
पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश सोनभद्र के घोरावल में दर्ज की गई, जहां 136 मिमी वर्षा हुई। वहीं श्रावस्ती में 110 मिमी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने 15 से ज्यादा जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुंदेलखंड से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और बारिश का पूर्वानुमान है।
लखनऊ में भी बदला मौसम, अगले पांच दिन झमाझम बारिश की संभावना
राजधानी लखनऊ में भी मानसून के सक्रिय होने के बाद मौसम में बदलाव देखा गया। शनिवार को शहर में हल्की धूप और बादल छाए रहे, हालांकि बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से शहर में बारिश की शुरुआत होगी जो पूरे सप्ताह जारी रह सकती है। सोमवार से बुधवार तक राजधानी में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
इन जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, जालौन, झांसी, महोबा, हमीरपुर, ललितपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, नोएडा, गाजियाबाद जैसे क्षेत्रों में बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
सतर्क रहने की सलाह, कमजोर मकानों से रहें दूर
मौसम विभाग ने बारिश और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए आम लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को खराब मौसम के दौरान घर से बाहर न निकलने और जर्जर मकानों से दूर रहने की हिदायत दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
