आम आदमी पार्टी (AAP) ने उत्तराखंड, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में हाल ही में हुई त्रासद घटनाओं पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) शासित राज्य सरकारों को घेरा है। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इन घटनाओं को ‘सिस्टम की नाकामी’ बताया और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने सरकारी स्कूलों की जर्जर हालत पर तीखा सवाल उठाया है।
मनसा देवी मंदिर की भगदड़ पर उठे सवाल
केजरीवाल ने उत्तराखंड के मनसा देवी मंदिर में हुई भगदड़ को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सावन में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, फिर भी हर बार क्राउड मैनेजमेंट और सुरक्षा व्यवस्था क्यों फेल हो जाती है? उन्होंने इस घटना को प्रशासनिक विफलता बताते हुए उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मांग की है।
स्कूलों की जर्जर इमारतें बन रहीं जानलेवा
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने राजस्थान के झालावाड़ और उत्तर प्रदेश के हापुड़ में स्कूल की छत गिरने की घटनाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीजेपी शासित राज्यों में शिक्षा प्राथमिकता नहीं है। उन्होंने कहा कि इन राज्यों में सरकारी स्कूलों की बदहाल हालत मासूम बच्चों की जान ले रही है, जो बेहद चिंताजनक है।
बीजेपी की प्राथमिकता में नहीं है शिक्षा: सिसोदिया
सिसोदिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि बीजेपी को फाइव-स्टार ऑफिस बनाने का शौक है, लेकिन स्कूलों को खंडहर छोड़ना ही उनकी नीति बन गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों की गिरती छतें और उससे घायल होते बच्चे बीजेपी सरकारों के लिए चिंता का विषय नहीं हैं। यदि शिक्षा इनकी प्राथमिकता होती, तो शायद ये हादसे रोके जा सकते थे।
सरकारी स्कूल में बीजेपी का कार्यक्रम
AAP ने दिल्ली के राजेंद्र नगर स्थित एक सरकारी स्कूल के ऑडिटोरियम में बीजेपी के राजनीतिक कार्यक्रम पर भी कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि स्कूल के मंच पर बीजेपी के पोस्टर और नेताओं की तस्वीरें लगाकर राजनीतिक कार्यक्रम चलाया गया, जो पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने पूछा कि बच्चों को इस तरह के राजनीतिक आयोजनों में शामिल करना कहां तक जायज़ है?
सिस्टम की जवाबदेही जरूरी
इन घटनाओं को लेकर AAP ने साफ कहा कि केवल बयानबाज़ी और खानापूरी से काम नहीं चलेगा। केजरीवाल ने मांग की है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
