नई दिल्ली, 07 नवम्बर 2025 – भारत-नेपाल एवं भारत-भूटान सीमाओं की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाने वाला सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) अब खेलों के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बना चुका है। बल के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर न केवल एसएसबी का बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है।
बल मुख्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन
नई दिल्ली स्थित सशस्त्र सीमा बल मुख्यालय में आज एक विशेष समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बल के महानिदेशक श्री संजय सिंघल, भा. पु. से., ने वर्ष 2025 में विभिन्न खेल आयोजनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इन खिलाड़ियों ने 38वीं किंग्स कप सेपकटकरॉ विश्व चैम्पियनशिप (थाईलैंड), 17वीं विश्व वुशु चैम्पियनशिप (ब्राजील), वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 (अमेरिका) सहित कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों को प्रमोशन और पुरस्कार से नवाजा गया
इस अवसर पर महानिदेशक श्री संजय सिंघल ने 38वीं किंग्स कप सेपकटकरॉ विश्व चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 7 खिलाड़ियों और 1 कोच को “आउट ऑफ टर्न प्रमोशन” देकर उनका उत्साह बढ़ाया। साथ ही, अन्य प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों को महानिदेशक पदक और नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। यह सम्मान खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और खेल भावना का प्रतीक है।
महानिदेशक ने खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता की सराहना की
अपने संबोधन में महानिदेशक श्री सिंघल ने कहा कि सशस्त्र सीमा बल के खिलाड़ी अनुशासन, दृढ़ संकल्प और निष्ठा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि एसएसबी न केवल सीमाओं की रक्षा में अग्रणी है, बल्कि खेल और शारीरिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में भी एक प्रेरणादायक संस्था के रूप में उभर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि बल अपने खिलाड़ियों को सर्वोत्तम प्रशिक्षण, सुविधाएँ और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्यरत है, ताकि वे भविष्य में ओलंपिक, एशियाई खेलों और विश्व प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन कर सकें।
समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर विशेष महानिदेशक डॉ. अनुपमा निलेकर चंद्रा, महानिरीक्षक श्री गणेश कुमार, श्री सोमित जोशी, श्रीमती पारुल कुश जैन और श्री वंदन सक्सेना सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
समर्पण और अनुशासन का प्रेरक उदाहरण
सशस्त्र सीमा बल के खिलाड़ियों की ये उपलब्धियाँ दर्शाती हैं कि सुरक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी यह बल समान रूप से अग्रसर है। एसएसबी ने यह साबित किया है कि सीमाओं की सुरक्षा करने वाले जवान खेल के मैदान में भी समर्पण, निष्ठा और उत्कृष्टता के प्रतीक हैं।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
