New Delhi: नवरात्रि के पावन अवसर पर मांसाहारी भोजन की बिक्री और परोसने को लेकर विवाद तेज़ हो गया है। भाजपा विधायक करनैल सिंह ने बड़े फ़ूड चेन को पत्र लिखते हुए कहा कि नवरात्रि हमारे लिए बेहद पवित्र त्योहार है और कंपनियों को इसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सनातनियों का देश है और अब पश्चिमी सभ्यता को भी समझना होगा कि हमारी आस्था सम्मान की पात्र है।
फ़ूड चेन कंपनियों से हुई बातचीत
करनैल सिंह ने बताया कि मैकडॉनल्ड्स, केएफसी, डोमिनोज़ और बर्गर किंग जैसी कंपनियों ने उनसे संपर्क किया है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि ये कंपनियां हमारी संस्कृति के खिलाफ हैं, लेकिन उन्हें हमारी धार्मिक भावनाओं को समझने की ज़रूरत है। विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि दिल्ली में नौ दिनों तक मांस की बिक्री और परोसने पर रोक रहेगी।
तरविंदर सिंह का पत्र
इससे पहले विधायक तरविंदर सिंह ने भी गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर नवरात्रि के दौरान मीट की दुकानें बंद करने की मांग की थी। अपने पत्र में उन्होंने कहा कि नवरात्रि सनातन धर्म का अत्यंत श्रद्धा से मनाया जाने वाला पर्व है और इस दौरान दिल्लीवासियों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
सरकार से की दुकानों को बंद करने की मांग
तरविंदर सिंह ने अपने पत्र में आग्रह किया कि पूरे दिल्ली में नवरात्रि के नौ दिनों तक मीट और मांसाहारी वस्तुओं की बिक्री बंद की जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस दिशा में कदम उठाती है तो दिल्लीवासी इसके लिए आभारी रहेंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि पिछली बार भी उनकी अपील पर लगभग 80 प्रतिशत दुकानें बंद रही थीं और मुस्लिम समुदाय के व्यापारियों ने भी सहयोग किया था।
वालंटियर्स करेंगे निगरानी
विधायक ने यह भी कहा कि इस बार उनके वॉलेंटियर्स सड़क पर उतरेंगे और दुकानदारों से हाथ जोड़कर मांस की बिक्री रोकने की अपील करेंगे। यदि इसके बाद भी कोई दुकान खुली पाई गई तो शिकायत दर्ज कराई जाएगी। उनका दावा है कि यह पहल धार्मिक सद्भाव और सामाजिक समन्वय की दिशा में एक सकारात्मक कदम साबित होगी।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
