पुतिन के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई, दोनों नेताओं ने भारत-रूस संबंधों पर की चर्चा

putin

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से टेलीफोन पर बातचीत की और उन्हें उनके 73वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने पुतिन के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। बातचीत में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा करते हुए भारत और रूस के बीच विशेष एवं रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के संकल्प को दोहराया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह जल्द ही भारत में राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।

दिसंबर में भारत यात्रा पर आ सकते हैं पुतिन

सूत्रों के अनुसार, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिसंबर महीने में भारत यात्रा पर आ सकते हैं। बताया जा रहा है कि वह 5 दिसंबर को नई दिल्ली में होने वाले 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, निवेश और सुरक्षा जैसे प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है।हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि पुतिन का दौरा एक दिन का होगा या दो दिनों का। उनकी यात्रा से पहले नवंबर में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भारत आएंगे, जो शिखर सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। गौरतलब है कि भारत और रूस के बीच हर साल यह वार्षिक वार्ता होती है और अब तक 22 बार दोनों देशों के नेता आमने-सामने बातचीत कर चुके हैं।

रक्षा और तकनीकी सहयोग पर रहेगा जोर

इस बार होने वाली शिखर वार्ता में सैन्य और तकनीकी सहयोग पर विशेष ध्यान केंद्रित रहने की संभावना है। भारत, रूस से अतिरिक्त एस-400 वायु रक्षा प्रणाली की खरीद पर विचार कर सकता है। वर्ष 2018 में भारत ने पांच यूनिट एस-400 प्रणाली के लिए पांच अरब डॉलर का सौदा किया था। इनमें से तीन यूनिट भारत को मिल चुकी हैं और शेष दो यूनिट अगले वर्ष तक मिलने की संभावना है। बताया जाता है कि यह प्रणाली भारत की वायु सुरक्षा को और सशक्त बनाएगी।

××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group

https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1

Share:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *