बिहार में चुनावी सरगर्मी तेज, ई-वोटिंग से बदलेगा मतदान का तरीका

Bihar Election

बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और राज्य में राजनीतिक गतिविधियाँ अपने चरम पर हैं। तमाम दलों ने अब पूरी तरह से बिहार की ओर रुख कर लिया है। नेताओं की रैलियां और जनता से मुलाकातों का दौर लगातार जारी है। इसी बीच राज्य में नगरपालिका आम और उपचुनावों की भी घोषणा कर दी गई है, जिससे राजनीतिक माहौल और गर्मा गया है।

ई-वोटिंग से बदलेगा मतदान का अनुभव

राज्य निर्वाचन आयोग ने इस बार एक नई और आधुनिक पहल करते हुए नगरपालिका चुनावों में ई-वोटिंग की सुविधा देने का निर्णय लिया है। बता दे कि बिहार पहला राज्य है जो ई वोटिंग करने जा रहा है।आयोग का लक्ष्य है कि लगभग 50 प्रतिशत मतदाताओं को इस सुविधा से जोड़ा जाए, ताकि जिन लोगों को मतदान केंद्र तक पहुंचने में दिक्कत होती है, वे घर बैठे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। यह सुविधा खासकर उन लोगों के लिए वरदान साबित हो सकती है जो बुजुर्ग हैं, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं या फिर किसी अन्य शारीरिक समस्या से ग्रसित हैं।राज्य निर्वाचन आयुक्त दीपक प्रसाद ने ई-वोटिंग की व्यवस्था को लेकर बताया कि आयोग का निरंतर प्रयास रहा है कि प्रत्येक मतदाता को निष्पक्ष, पारदर्शी और सरल प्रक्रिया के तहत मतदान की सुविधा मिल सके। इसी सोच के तहत तकनीक की मदद से ई-वोटिंग को लागू किया जा रहा है, जिससे वे लोग जो पहले बूथ तक नहीं जा पाते थे, अब घर से ही वोट कर पाएंगे।

कैसे करें रजिस्ट्रेशन और क्या है पूरी प्रक्रिया

ई-वोटिंग की सुविधा प्राप्त करने के लिए सबसे पहले मतदाता को अपने मोबाइल नंबर से पंजीकरण कराना होगा। रजिस्ट्रेशन के समय सुरक्षा से जुड़ी सहमति भी देनी होगी। इसके बाद व्यक्ति की पहचान की पुष्टि के लिए उसकी तस्वीर, वोटर कार्ड पर दर्ज तस्वीर से मिलाई जाएगी। इस प्रक्रिया में उन्नत एआई तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जो सेल्फी और वोटर कार्ड में मौजूद फोटो को मिलाकर यह सुनिश्चित करेगी कि मतदाता जीवित है और वही व्यक्ति है।इस तकनीक की खासियत यह है कि यदि वोटर कार्ड पर लगी तस्वीर कई साल पुरानी भी हो, तब भी एआई तकनीक से पहचान संभव होगी। ध्यान देने वाली बात यह है कि जिस मोबाइल नंबर से आप पंजीकरण करते हैं, वही नंबर एक्टिव होना चाहिए और वोटिंग भी उसी मोबाइल फोन से की जा सकेगी।

किन्हें मिलेगा ई-वोटिंग का लाभ

इस नई व्यवस्था का लाभ मुख्य रूप से उन लोगों को मिलेगा जो या तो वरिष्ठ नागरिक हैं, किसी प्रकार की विकलांगता से जूझ रहे हैं, गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं, गर्भवती महिलाएं हैं या फिर ऐसे प्रवासी मजदूर हैं जो फिलहाल मतदान क्षेत्र में मौजूद नहीं हैं।

चुनाव की तिथि

नगरपालिका आम निर्वाचन 2025 के लिए ई-वोटिंग रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 23 जून तय की गई है। वहीं उपचुनाव के लिए इच्छुक मतदाता 22 जून तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं।ई-वोटिंग के इस नवाचार से बिहार में चुनावी प्रक्रिया अधिक समावेशी और तकनीकी रूप से सशक्त बनने की ओर अग्रसर है। यह पहल न केवल लोकतंत्र को मजबूती देगी, बल्कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने में भी सहायक हो सकती है।

××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group

https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1

Share:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *