New Delhi: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लालकिला मैदान में 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली रामलीला और दशहरा उत्सव के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इस दौरान लवकुश रामलीला, नव श्री धार्मिक रामलीला और श्री धार्मिक रामलीला का आयोजन होगा, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं, दर्शकों और वीआईपी के आने की संभावना है। ऐसे में लालकिला क्षेत्र की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था की गई है।
वाणिज्यिक वाहनों और बसों पर रोक
अधिकारियों ने बताया कि त्योहार की अवधि में शाम पांच बजे से मध्यरात्रि तक सभी वाणिज्यिक वाहनों और डीटीसी बसों को लालकिला की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। दिल्ली गेट चौक, दरियागंज और छत्ता रेल चौक से उनका मार्ग परिवर्तित कर दिया जाएगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे नेताजी सुभाष मार्ग से बचें और अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें।
निजी वाहनों के लिए भी बदलाव
ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त निशांत गुप्ता ने कहा कि नेताजी सुभाष मार्ग पर दिल्ली गेट से छत्ता रेल चौक तक और निषाद राज मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। यदि आवश्यक हुआ तो छत्ता रेल चौक, सुभाष मार्ग टी प्वाइंट, दिल्ली गेट, शांति वन चौक और लोथियन रोड पर जीपीओ चौक से निजी वाहनों के लिए भी रूट डायवर्जन लागू किए जाएंगे। वैकल्पिक मार्गों में दिल्ली गेट से राजघाट, शांति वन, हनुमान सेतु, केलाघाट होते हुए छत्ता रेल तक और वहीं से सलीमगढ़ बाईपास व राजघाट होकर दिल्ली गेट तक का रास्ता सुझाया गया है।
पार्किंग की व्यवस्था
बड़े पैमाने पर भीड़ को देखते हुए पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की गई है। जिन आगंतुकों के पास पार्किंग लेबल नहीं है, उन्हें माधव दास पार्क, तिकोना पार्क, सुनहरी मस्जिद, परेड ग्राउंड, दंगल मैदान, ओमेक्स मॉल और चर्च मिशन रोड पर वाहनों को पार्क करने की सलाह दी गई है। वहीं, पार्किंग लेबल वाले वाहनों के लिए लाहौरी गेट, 15 अगस्त पार्क, रामपार्ट और 4ए पार्किंग स्थल आरक्षित किए गए हैं।
ई-रिक्शा और ऑटो पर प्रतिबंध
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छत्ता रेल चौक और दिल्ली गेट से आगे नेताजी सुभाष मार्ग पर ई-रिक्शा, ऑटो और साइकिल रिक्शा की आवाजाही पर रोक रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक परिवहन और विशेषकर दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करें। रामलीला स्थल के निकटतम मेट्रो स्टेशन लालकिला और जामा मस्जिद होंगे।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
