बिहार का फैसला तय करेगा राज्य की दिशा — जंगलराज या विकासराज: अमित शाह

Amit Shah 79

New Delhi: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को बिहार के खगड़िया जिले में आयोजित एक चुनावी जनसभा में कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव राज्य के भविष्य की दिशा तय करेगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल विधायक या मुख्यमंत्री चुनने का नहीं, बल्कि यह तय करने का है कि बिहार में ‘जंगलराज’ लौटेगा या विकास का सिलसिला जारी रहेगा। शाह ने जनता से NDA के पक्ष में मतदान की अपील की और विपक्षी महागठबंधन पर तीखा प्रहार किया।

‘हर एक घुसपैठिये को किया जाएगा बाहर’

घुसपैठ के मुद्दे पर अपनी सरकार की नीति स्पष्ट करते हुए अमित शाह ने कहा कि NDA सरकार बिहार से हर एक घुसपैठिये को पहचान कर बाहर करेगी। उन्होंने कहा, “महागठबंधन चाहे कितनी भी रैलियां कर ले, एक-एक घुसपैठिये का पता लगाया जाएगा और उन्हें उनके देश वापस भेजा जाएगा।” शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे घुसपैठियों का समर्थन कर रहे हैं, लेकिन चाहे वह कितनी भी ‘घुसपैठिया बचाओ यात्राएं’ निकाल लें, वे उन्हें बचा नहीं पाएंगे।

मतदाता सूची पुनरीक्षण पर विपक्ष को घेरा

शाह ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का विरोध करने पर महागठबंधन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि SIR के तहत जो घुसपैठिये मतदाता सूची में शामिल हैं, उनके नाम हटाकर उन्हें वापस भेजा जाएगा। उन्होंने कहा, “राहुल बाबा कहते हैं कि घुसपैठियों को बिहार में रहने दिया जाए। लेकिन मैं बिहार की जनता से पूछना चाहता हूं — क्या हमें ऐसे लोगों को रहने देना चाहिए?”

‘लालू-राबड़ी के जंगलराज से मुक्ति दिलाई NDA ने’

शाह ने अपने भाषण में RJD शासनकाल को ‘जंगलराज’ बताते हुए कहा कि उस दौर में हत्या, लूट, अपहरण और फिरौती जैसी घटनाएं आम थीं, जिससे उद्योग-धंधे राज्य छोड़कर चले गए और बिहार पिछड़ गया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA सरकार ने न केवल राज्य को अपराधमुक्त किया, बल्कि वंशवाद और नक्सलवाद को भी समाप्त करने का काम किया।

भ्रष्टाचार और परिवारवाद पर विपक्ष को निशाना

गृह मंत्री ने लालू प्रसाद यादव और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू परिवार ने केवल अपने परिवार की समृद्धि पर ध्यान दिया, जबकि NDA ने बिहार के समग्र विकास के लिए काम किया। शाह ने कहा, “नीतीश बाबू बिहार के विकास की सोच रखते हैं, जबकि लालू जी अपने बेटे को मुख्यमंत्री और सोनिया गांधी अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। इसलिए बिहार के युवाओं और बेटियों की चिंता केवल नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार ही कर सकते हैं।”

NDA सरकार की उपलब्धियां और छठ की शुभकामनाएं

शाह ने NDA सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि ‘जीविका’ योजना के तहत एक करोड़ बहनों के खातों में 10 हजार रुपए दिए गए हैं। विधवा और वृद्धावस्था पेंशन को 400 से बढ़ाकर 1,100 रुपए किया गया है और आशा बहनों का मानदेय 3,000 रुपए प्रति माह तय किया गया है। उन्होंने कहा कि पटना में मेट्रो का सपना अब साकार हो रहा है और NDA सरकार “हर खेत में सिंचाई, हर घर में पानी, स्कूल में पढ़ाई और समय पर दवाई” के चार सूत्रों पर काम कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि भारत अब विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और 2027 तक तीसरे स्थान पर पहुंचेगा। छठ पर्व के अवसर पर शाह ने बिहारवासियों को शुभकामनाएं दीं और कामना की कि राज्य ‘जंगलराज’ से सदा मुक्त रहे, कानून-व्यवस्था मजबूत हो और विकास की राह पर आगे बढ़ता रहे।

××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group

https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1

Pooja Kumari Ms. Pooja,
Share:

Written by 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *