सुप्रीम कोर्ट में सीजेआई पर हमले की कोशिश: पीएम मोदी और राहुल गांधी ने घटना को बताया शर्मनाक

PM Modi Rahul Gandhi

सुप्रीम कोर्ट परिसर में सोमवार सुबह भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति बी.आर. गवई पर हुए हमले के प्रयास ने पूरे देश को झकझोर दिया। इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी दोनों ने इस कृत्य की कड़ी निंदा की है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं सीजेआई बी.आर. गवई से बात की है। उन्होंने लिखा कि सुप्रीम कोर्ट परिसर में इस तरह का हमला बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा मुख्य न्यायाधीश पर हमला हर भारतीय के लिए परेशान करने वाला है। हमारे समाज में ऐसे निंदनीय कृत्यों के लिए कोई स्थान नहीं है। पीएम मोदी ने आगे लिखा कि इस घटना के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने जिस शांति और संयम का परिचय दिया, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा, ऐसे कठिन समय में न्यायमूर्ति गवई का धैर्य उनके न्याय के प्रति समर्पण और संविधान की मर्यादा को बनाए रखने की उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।तो वहीं विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि भारत के मुख्य न्यायाधीश पर हमला न केवल एक व्यक्ति पर, बल्कि पूरी न्यायपालिका और संविधान की भावना पर आघात है। राहुल गांधी ने कहा इस तरह की नफरत और असहिष्णुता का हमारे देश में कोई स्थान नहीं है, और इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट में क्या हुआ था

जानकारी के अनुसार, सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में नियमित कार्यवाही के दौरान एक वकील ने मुख्य न्यायाधीश गवई की ओर जूता फेंकने की कोशिश की। जैसे ही वह न्यायमूर्ति के समीप पहुंचा, उसने अचानक जूता निकालकर उनकी दिशा में फेंकने का प्रयास किया। हालांकि, वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे काबू में कर लिया और अदालत परिसर से बाहर ले गए।घटना के दौरान आरोपी वकील जोर-जोर से ‘सनातन का अपमान नहीं सहेंगे’ के नारे लगाता सुनाई दिया। इस अप्रत्याशित स्थिति के बावजूद मुख्य न्यायाधीश पूरी तरह शांत रहे और अदालत में मौजूद वकीलों से कहा कि वे अपनी बहस जारी रखें। उन्होंने कहा इन बातों से विचलित न हों। हम भी विचलित नहीं हैं, ऐसी घटनाएं मुझे प्रभावित नहीं करतीं।

सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं

घटना के बाद सुप्रीम कोर्ट की सुरक्षा इकाई ने आरोपी वकील से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमले के पीछे उसकी मंशा क्या थी और क्या इसके पीछे कोई अन्य कारण या संगठन जुड़ा हुआ है।यह घटना देश की सर्वोच्च न्यायिक संस्था की सुरक्षा व्यवस्था और अदालत परिसर में बढ़ते असंतोष पर कई सवाल खड़े करती है। हालांकि, सीजेआई गवई के संयम और गंभीरता ने यह स्पष्ट कर दिया कि न्यायपालिका अपने कर्तव्यों से विचलित नहीं होगी।

××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group

https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1

Share:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *