अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा: फोरेंसिक यूनिवर्सिटी का शिलान्यास और नक्सल मुद्दे पर समीक्षा

Amit Shah

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 22 जून से दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। इस दौरान उनका प्रमुख कार्यक्रम राजधानी रायपुर के नवा रायपुर इलाके में नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) के अस्थायी परिसर का शिलान्यास करना है। गृहमंत्री आज दोपहर लगभग 1 बजकर 40 मिनट पर रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और उसके बाद नवा रायपुर में आयोजित भूमि पूजन समारोह में भाग लेंगे।शाम 3:15 बजे अमित शाह NFSU के रायपुर कैम्पस का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यह कैम्पस फिलहाल अस्थायी रूप से तैयार किया गया है, क्योंकि विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर का निर्माण कार्य अभी प्रारंभिक चरण में है। नवा रायपुर में इस विश्वविद्यालय के लिए 40 एकड़ भूमि पहले ही आवंटित की जा चुकी है और लगभग 350 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक भवन का निर्माण प्रस्तावित है। हालांकि, निर्माण पूर्ण होने से पहले ही शैक्षणिक सत्र 2025-26 से शिक्षण कार्य शुरू किया जाएगा। साथ ही आपको बता दे कि गृहमंत्री का दौरा सिर्फ शिलान्यास तक सीमित नहीं रहेगा। शनिवार को वह शाम 4:20 बजे राज्य के कई महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें कानून व्यवस्था और नक्सल समस्या को लेकर भी चर्चा की जाएगी। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और ऑपरेशन की समीक्षा उनके एजेंडे में शामिल है।

नारायणपुर में जवानों से करेंगे मुलाकात

23 जून को शाह सुबह 11:20 बजे नारायणपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1:45 बजे वह नारायणपुर स्थित सीमा सुरक्षा बल (BSF) के कैंप में पहुंचेंगे और वहां तैनात सुरक्षा बलों के जवानों से मुलाकात करेंगे। सुरक्षा बलों के हौसले को बढ़ाने और उनकी जरूरतों की जानकारी लेने के उद्देश्य से यह दौरा अहम माना जा रहा है। इसके बाद दोपहर 3:20 बजे वे वापस रायपुर के लिए रवाना होंगे और शाम 4:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

क्या है नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU)?

नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी, जिसे पहले गुजरात फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के नाम से जाना जाता था, फोरेंसिक और अपराध विज्ञान के क्षेत्र में विशेष पाठ्यक्रमों की पेशकश करने वाला अग्रणी संस्थान है। इस विश्वविद्यालय की स्थापना 2008 में गुजरात सरकार ने की थी। अक्टूबर 2020 में इसे संसद के एक अधिनियम के तहत राष्ट्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिया गया। यह देश का एकमात्र विश्वविद्यालय है जो फोरेंसिक साइंस, इंवेस्टिगेशन साइंस और क्रिमिनोलॉजी जैसे विषयों में विशेषज्ञता प्रदान करता है। वर्ष 2023 में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इसका पहला अंतरराष्ट्रीय कैम्पस युगांडा में शुरू किया था।

शिक्षा और सुरक्षा दोनों को साधेगा यह दौरा

अमित शाह का यह दौरा न केवल राज्य में फोरेंसिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अहम है, बल्कि सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। NFSU का छत्तीसगढ़ में विस्तार राज्य के युवाओं को नए करियर विकल्प उपलब्ध कराने के साथ-साथ अपराध जांच प्रणाली को भी आधुनिक बनाएगा। वहीं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों के मनोबल को ऊंचा रखने और नीतिगत फैसलों के लिए शाह की यह यात्रा निर्णायक साबित हो सकती है।

××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group

https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1

Share:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *