भाई दूज से पहले दिल्ली की महिलाएं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए एक खास सुविधा शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से ‘सहेली पिंक कार्ड’योजना शुरू करने की तैयारी में है। इस कार्ड के ज़रिए महिलाएं और ट्रांसजेंडर यात्री डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे, और भविष्य में यह सुविधा दिल्ली मेट्रो में भी उपलब्ध कराई जाएगी।दिल्ली परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह नया कार्ड राष्ट्रीय सामान्य गतिशीलता कार्ड तकनीक पर आधारित होगा। यानी एक ही कार्ड का इस्तेमाल न सिर्फ़ डीटीसी बसों में, बल्कि मेट्रो और अन्य सरकारी परिवहन सेवाओं में भी किया जा सकेगा। इस योजना को भाई दूज के अवसर के आसपास लॉन्च करने की योजना है और इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
पारदर्शी और कैशलेस सिस्टम की ओर
अब तक डीटीसी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा के लिए कागज़ी टिकट दिए जाते थे, लेकिन अब सभी बसों में कार्ड रीडिंग मशीनें लगाई जा चुकी हैं। जल्द ही क्लस्टर बसोंमें भी यह सुविधा शुरू कर दी जाएगी। सरकार का मानना है कि इस डिजिटल कार्ड से न केवल यात्रा की प्रक्रिया पारदर्शी बनेगी, बल्कि यात्रियों को भी आसानी होगी क्योंकि पूरी प्रक्रिया कैशलेस और डिजिटल होगी।
दो श्रेणियों में जारी होंगे पिंक कार्ड
‘सहेली पिंक कार्ड’ योजना के तहत यात्रियों को दो तरह के कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। पहला जीरो-केवाईसी कार्ड जिसे केवल मोबाइल नंबर और आधार ओटीपी से तुरंत जारी किया जा सकेगा। यह कार्ड प्रीपेड कार्ड की तरह काम करेगा। दूसरा होगा फुल-केवाईसी कार्ड जिसमें यात्री की फोटो और व्यक्तिगत जानकारी शामिल होगी। यह कार्ड बैंक के माध्यम से जारी किया जाएगा और डेबिट कार्ड की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।दिल्ली की बसें रोज़ाना लगभग 29 लाख यात्रियों को सेवा प्रदान करती हैं, जिनमें 14.8 लाख महिलाएं यात्रा करती हैं। सरकार का मानना है कि ‘सहेली पिंक कार्ड’ की शुरुआत से न केवल महिलाओं और ट्रांसजेंडर यात्रियों की यात्रा सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक बनेगी, बल्कि यह योजना डिजिटल इंडिया और महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1