New Delhi: बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) प्रमुख मायावती ने शनिवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए आकाश आनंद के बाद अब उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ को भी पार्टी में वापस ले लिया है। अशोक सिद्धार्थ ने आज सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर मायावती से सार्वजनिक माफी मांगी थी और पार्टी में लौटने की इच्छा जताई थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मायावती ने एक्स पर पोस्ट कर उनके निष्कासन का फैसला रद्द करने की घोषणा की। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले मायावती ने आकाश आनंद और अशोक सिद्धार्थ दोनों को पार्टी से निष्कासित किया था।
सोशल मीडिया पर मांगी माफी
पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए खेद जताया। उन्होंने लिखा कि वे पार्टी और बीएसपी आंदोलन के प्रति पूरी वफादारी निभाते हुए बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के आत्म-सम्मान आंदोलन को आगे बढ़ाने में समर्पित रहेंगे। उन्होंने पार्टी से अपनी गलती माफ कर दोबारा स्वीकार करने की अपील की थी।
निष्कासन आदेश हुआ रद्द
मायावती ने अपने पोस्ट में स्पष्ट किया कि अशोक सिद्धार्थ को अपनी गलती का एहसास काफी पहले हो चुका था और वे लगातार पछता रहे थे। लेकिन आज उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी, जिसके बाद पार्टी ने उन्हें दूसरा मौका देने का निर्णय लिया। इसी आधार पर उनके निष्कासन का आदेश तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया गया और उन्हें बीएसपी में शामिल कर लिया गया।
पार्टी में योगदान की उम्मीद
मायावती ने अपने संदेश में उम्मीद जताई कि अशोक सिद्धार्थ, बीएसपी के अन्य कार्यकर्ताओं की तरह पूरे तन-मन-धन से पार्टी और आंदोलन को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि बीएसपी का लक्ष्य बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के सपनों को साकार करना है और बहुजन समाज को सशक्त बनाकर प्रदेश और देश की सत्ता में भागीदारी दिलाना है।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
