New Delhi: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के अशोक विहार इलाके में दिल्ली यूनिवर्सिटी की सेकंड ईयर की एक छात्रा पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्रा लक्ष्मीबाई कॉलेज में एक्स्ट्रा क्लास के लिए जा रही थी, जब कॉलेज से कुछ दूरी पर यह वारदात हुई। घटना के तुरंत बाद पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी गई है।
चेहरा बचाने में सफल रही छात्रा, हाथों में आई गंभीर चोटें
हमले के दौरान छात्रा ने अपने चेहरे को बचाने की कोशिश की, जिससे उसके दोनों हाथ जल गए। घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जब अज्ञात हमलावरों ने छात्रा पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। घायल छात्रा को तुरंत आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि छात्रा की हालत अब स्थिर है और जल्द ही उसे डिस्चार्ज किया जा सकता है।
आरोपी की पहचान हुई, जान-पहचान का है मामला
पुलिस जांच में सामने आया है कि हमला करने वाला युवक पीड़िता का परिचित है। आरोपी की पहचान मुकुंदपुर निवासी जितेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, जितेंद्र के साथ उसके दो साथी ईशान और अरमान भी मौजूद थे। तीनों बाइक पर सवार होकर आए थे, और ईशान ने बोतल से एसिड अरमान को दिया, जिसने छात्रा पर फेंक दिया। बताया जा रहा है कि पीड़िता और जितेंद्र के बीच करीब एक महीने पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हॉस्पिटल से सूचना मिलने के बाद क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पीड़िता के बयान और सबूतों के आधार पर भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। घटना ने एक बार फिर राजधानी में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
