New Delhi: इस वर्ष का दीपोत्सव 2025 अयोध्या को एक नई ऐतिहासिक ऊंचाई पर ले जाने जा रहा है। प्रभु श्रीराम की नगरी इस बार लाखों दीपों की रोशनी से आलोकित होगी और सरयू तट पर होने वाली भव्य आरती नया इतिहास रचने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं की संयुक्त पहल से यह आयोजन “भक्ति, संस्कृति और सामाजिक समरसता” का अद्भुत संगम बनेगा।
पिछले वर्ष 1151 लोगों ने सामूहिक रूप से सरयू आरती कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया था, जबकि इस बार यह आयोजन उससे भी अधिक विशाल स्तर पर किया जा रहा है, जो अयोध्या की आस्था और सामूहिक शक्ति को नए रूप में प्रदर्शित करेगा।
श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार रिकॉर्ड वृद्धि
दीपोत्सव की लोकप्रियता के साथ अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या हर वर्ष तेजी से बढ़ रही है। 2017 में दीपोत्सव की शुरुआत के बाद से अब तक करोड़ों भक्त अयोध्या पहुंच चुके हैं।
वर्ष 2017 में 1.78 करोड़, 2018 में लगभग 1.95 करोड़ और 2019 में 2.04 करोड़ श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। इसी तरह, 2022 में 2.39 करोड़ और 2023 में 5.75 करोड़ से अधिक लोगों ने रामलला के दर्शन किए। वर्ष 2024 में यह संख्या बढ़कर 16.43 करोड़ तक पहुंच गई।
वर्ष 2025 में सिर्फ जनवरी से जून तक ही 23.82 करोड़ से अधिक भक्तों ने अयोध्या में दर्शन-पूजन किया, जो इस नगरी की बढ़ती आध्यात्मिक पहचान और धार्मिक पर्यटन के विस्तार को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मनाएंगे दीपावली मलिन बस्तियों में
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस वर्ष दीपोत्सव पर निषाद और मलिन बस्ती के परिवारों के साथ दीपावली मनाएंगे। उनका यह कार्यक्रम “प्रभु श्रीराम की नगरी में कोई भी घर अंधेरे में न रहे” के संदेश को साकार करेगा।
मुख्यमंत्री दीपोत्सव के दिन पहले हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचकर पूजन करेंगे और फिर रामलला के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेश की समृद्धि और शांति की कामना करेंगे। इसके बाद वह अयोध्या के संतों, मठ-महंतों से आशीर्वाद लेकर अभिरामदास नगर (निषाद बस्ती) जाएंगे, जहां वह स्थानीय परिवारों के बीच दीप प्रज्वलित करेंगे।
तकनीकी सुरक्षा व्यवस्था: एआई कैमरों से निगरानी
दीपोत्सव 2025 केवल भक्ति और संस्कृति का नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक के कुशल उपयोग का भी उदाहरण बनेगा। मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर इस बार महाकुंभ की तर्ज पर 11 आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कैमरे पूरे आयोजन क्षेत्र में लगाए जा रहे हैं।
ये कैमरे लता चौक, धर्म पथ, राम पथ और राम की पैड़ी जैसे प्रमुख स्थलों पर लाइव निगरानी रखेंगे। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे के अनुसार, एआई कैमरे भीड़ की गणना, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और रीयल-टाइम अलर्ट देने में सक्षम हैं। किसी भी क्षेत्र में भीड़ बढ़ने पर तुरंत अधिकारियों को सूचना मिल जाएगी, जिससे सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
