New Delhi: दिल्ली में बीजेपी सरकार के गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में राजधानी में आयुष्मान भारत योजना को लागू करने का निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत 5 अप्रैल को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की उपस्थिति में इस योजना की शुरुआत की गई। शुरुआत के महज दो महीनों के भीतर 3.45 लाख से अधिक आयुष्मान हेल्थ कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जो सरकार की तत्परता और योजना की व्यापकता को दर्शाता है।
स्वास्थ्य सेवा में ऐतिहासिक बदलाव
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) और वय वंदना योजना (VVY) दिल्ली की स्वास्थ्य प्रणाली में बड़ा परिवर्तन ला रही हैं। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में लाखों कार्ड जारी होना सरकार की प्रभावी रणनीति और जनता के स्वास्थ्य सेवाओं में विश्वास का प्रमाण है।
85 अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा
मंत्री के अनुसार, अब तक जारी कार्डों में से 1.67 लाख से अधिक कार्ड वय वंदना योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को जारी किए गए हैं। इस योजना के अंतर्गत बुजुर्गों को मुफ्त और कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है। दिल्ली में कुल 85 अस्पतालों को योजना से जोड़ा गया है, जिनमें 60 निजी और 25 सरकारी अस्पताल शामिल हैं। इस कार्ड की मदद से न केवल दिल्ली बल्कि देशभर के सूचीबद्ध अस्पतालों में ₹10 लाख तक का कैशलेस इलाज संभव है।
आरोग्य मंदिरों का निर्माण कार्य तेज़ी से जारी
पंकज सिंह ने यह भी जानकारी दी कि जारी हुए कुल कार्डों में से 1,24,215 कार्ड स्व-पंजीकरण के माध्यम से बने हैं। उन्होंने बताया कि राजधानी में 1139 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निर्माण किया जा रहा है और इसी महीने 30 से अधिक नए आरोग्य मंदिर जनता को समर्पित किए जाएंगे। यह दिल्ली में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ और सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
