नाशिक में चलती ट्रेन से गिरे तीन युवक, दो की मौत, एक गंभीर

Indian RAilway 1

New Delhi: महाराष्ट्र के नाशिक रोड रेलवे स्टेशन के पास शनिवार रात एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) से बिहार के रक्सौल जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस से तीन युवक नीचे गिर गए। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल है और उसे जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

ओढ़ा स्टेशन के पास हुआ हादसा

घटना शनिवार देर रात नाशिक रोड रेलवे स्टेशन से आगे ओढ़ा स्टेशन के पास हुई। यह स्थान जेल रोड हनुमान मंदिर के निकट ढिकले नगर इलाके में स्थित है। ट्रेन के रवाना होने के कुछ समय बाद ओढ़ा स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक आकाश ने नाशिक रोड रेलवे विभाग को सूचना दी कि तीन युवक ट्रेन से नीचे गिर गए हैं। सूचना मिलते ही रेलवे विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।

घटनास्थल पर मिले दो शव, एक युवक घायल

पुलिस के मुताबिक, नाशिक रोड पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक जितेंद्र सपकाले के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक माली और पुलिस कांस्टेबल भोले अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। भुसावल की ओर जाने वाले ट्रैक पर किमी 190/1 और 190/3 के बीच दो युवक मृत पाए गए, जिनकी उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। वहीं तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसे एंबुलेंस से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

त्योहारों की भीड़ बनी हादसे की वजह

पुलिस ने प्राथमिक जांच में अनुमान लगाया है कि यह हादसा त्योहारों के मौसम में ट्रेनों में बढ़ी भीड़ की वजह से हुआ है। बिहार चुनाव, दीपावली और छठ पूजा के कारण उत्तर भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ देखी जा रही है। इसी भीड़ के कारण कई यात्री ट्रेन के दरवाजों या फुटबोर्ड पर सफर कर रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान धक्का लगने या संतुलन बिगड़ने से तीनों युवक ट्रेन से नीचे गिर गए। फिलहाल मृतकों और घायल की पहचान की प्रक्रिया जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group

https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1

Pooja Kumari Ms. Pooja,
Share:

Written by 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *