स्टंटमैन एसएम राजू की दर्दनाक मौत पर पुलिस की कार्रवाई, निर्देशक पा. रणजीत समेत चार पर केस दर्ज

stuntman SM Raju

तमिल फिल्म जगत के मशहूर स्टंटमैन एसएम राजू की फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई असमय मौत ने पूरे सिनेमा जगत को झकझोर कर रख दिया है। अब इस मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए फिल्म निर्देशक पा. रणजीत सहित अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह हादसा अभिनेता आर्य की आगामी फिल्म की शूटिंग के दौरान नागपट्टिनम जिले में हुआ था।यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना तमिलनाडु के कीलैयूर इलाके में हुई, जहां ‘नीलम प्रोडक्शंस’ के बैनर तले एक फिल्म की शूटिंग चल रही थी। शूटिंग के दौरान स्टंटमैन एसएम राजू को एक खतरनाक सीन अंजाम देना था, जिसमें एक कार के पलटने का दृश्य शामिल था। इसी स्टंट को करते वक्त राजू बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें तत्काल नागपट्टिनम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने गंभीर धाराओं में किया केस दर्ज

हादसे के तुरंत बाद मामले की जांच शुरू की गई और शुरुआती तौर पर पा. रणजीत, स्टंट कोरियोग्राफर राजकमल, नीलम प्रोडक्शन के एक सदस्य और प्रभाकरण नामक व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया गया। हालांकि, जांच में सामने आए तथ्यों और लापरवाही के मद्देनज़र अब आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 289 (लापरवाही से की गई कार्रवाई), धारा 125 (अपराध के लिए उकसाना) और धारा 106(1) (गैर इरादतन हत्या) के तहत भी केस दर्ज कर लिया गया है।एसएम राजू का फिल्मी करियर साहसिक स्टंट्स से भरा हुआ था। उन्होंने कई चर्चित तमिल फिल्मों में जोखिम भरे दृश्यों को अंजाम दिया था और इंडस्ट्री में उनका नाम एक निडर स्टंटमैन के रूप में लिया जाता था। उनकी मौत के बाद साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। कई नामी सितारों और तकनीशियनों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

सेलिब्रिटीज ने जताया दुख

अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन ने इंस्टाग्राम पर दुख जताते हुए कहा कि राजू जैसे कलाकारों की वजह से ही कई फिल्मी सीन जीवंत बन पाते हैं। वहीं, एक्टर विशाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि राजू उनकी कई फिल्मों का अहम हिस्सा रहे हैं और वह एक असली योद्धा थे। उन्होंने राजू के परिवार को हरसंभव मदद देने का आश्वासन भी दिया। मशहूर स्टंट मास्टर सिल्वा ने भी राजू को याद करते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा ने एक नायाब हीरा खो दिया है।इस दुखद घटना ने फिल्म इंडस्ट्री में स्टंट आर्टिस्ट्स की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है। यह सवाल उठने लगा है कि क्या जोखिम भरे स्टंट करने से पहले कलाकारों को पर्याप्त सुरक्षा इंतज़ाम और प्रशिक्षण मिलता है? एसएम राजू की मौत ने न केवल एक जांबाज़ कलाकार को छीन लिया, बल्कि इंडस्ट्री को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि सेट पर सुरक्षा मानकों को और कितना मजबूत किया जाना चाहिए।

××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group

https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1

Share:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *