दिल्ली बीजेपी के दिग्गज विजय कुमार मल्होत्रा का निधन, पांच बार रहे सांसद

Vijay Kumar Malhotra

New Delhi: भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता और दिल्ली की राजनीति में अहम योगदान देने वाले विजय कुमार मल्होत्रा का निधन हो गया है। वह लंबे समय से दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती थे और रविवार सुबह लगभग 6 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। मल्होत्रा 5 बार सांसद और 2 बार विधायक रहे थे। 2008 के विधानसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था।

मनमोहन सिंह को हराकर लिखी थी इतिहास की इबारत

1999 के आम चुनाव में विजय कुमार मल्होत्रा ने कांग्रेस नेता और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को पराजित कर सबको चौंका दिया था। इस चुनाव में मल्होत्रा को 2,61,230 वोट मिले थे, जबकि मनमोहन सिंह को 2,31,231 वोट मिले और उन्हें करीब 30 हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली की राजनीति में बीजेपी को स्थापित करने में विजय कुमार मल्होत्रा, केदारनाथ साहनी और मदन लाल खुराना की तिकड़ी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

जनसंघ से लेकर बीजेपी तक लंबा सफर

विजय कुमार मल्होत्रा जनसंघ के दौर से ही अटल बिहारी वाजपेयी और लाल कृष्ण आडवाणी के साथ सक्रिय राजनीति में जुड़े रहे। 1972 से 1975 तक वे दिल्ली प्रदेश जनसंघ के अध्यक्ष रहे। इसके बाद 1977 से 1980 और फिर 1980 से 1984 तक दो बार भारतीय जनता पार्टी, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली। 1967 में वे मुख्य कार्यकारी पार्षद निर्वाचित हुए थे।

बेदाग छवि और दिल्ली बीजेपी का मजबूत चेहरा

मल्होत्रा का जन्म 3 दिसंबर 1931 को लाहौर में हुआ था, जो उस समय पंजाब प्रांत का हिस्सा था। उन्हें एक स्वच्छ और बेदाग छवि वाला नेता माना जाता था। 2004 के आम चुनाव में वे दिल्ली से बीजेपी के एकमात्र विजेता सांसद बने थे। उनकी राजनीतिक यात्रा ने दिल्ली की राजनीति में बीजेपी की जड़ों को मजबूत किया और उन्हें पार्टी का एक मजबूत चेहरा बना दिया।

×××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group

https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1

Pooja Kumari Ms. Pooja,
Share:

Written by 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *