New Delhi: देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन नामांकन और सिफारिशें 15 मार्च 2025 से शुरू हो गई हैं। इच्छुक नागरिक 31 जुलाई 2025 तक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान में यह जानकारी साझा की गई है।
सभी क्षेत्रों में उत्कृष्टता के लिए दिया जाता है सम्मान
पद्म पुरस्कार कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, विज्ञान, इंजीनियरिंग, समाज सेवा, सिविल सेवा, लोक कार्य, व्यापार और उद्योग जैसे अनेक क्षेत्रों में विशिष्ट और असाधारण योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रदान किए जाते हैं। 1954 में शुरू हुए इन पुरस्कारों की घोषणा हर वर्ष 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर की जाती है। यह सम्मान जाति, लिंग, पेशा या सामाजिक स्थिति के भेदभाव के बिना दिया जाता है। हालांकि, वैज्ञानिकों और चिकित्सकों को छोड़कर अन्य सरकारी सेवकों, विशेष रूप से सार्वजनिक उपक्रमों में कार्यरत कर्मचारियों को इसके लिए पात्र नहीं माना जाता।
सरकार की पहल: ‘लोगों के पद्म’ की ओर एक कदम
सरकार का उद्देश्य इन सम्मानों को ‘लोगों के पद्म’ के रूप में लोकप्रिय बनाना है। इसके तहत आम नागरिकों को भी न केवल नामांकन की अनुमति दी गई है, बल्कि स्व-नामांकन का विकल्प भी खोला गया है। विशेष प्रयास ऐसे प्रतिभाशाली लोगों की पहचान के लिए किए जा रहे हैं, जो समाज के कमजोर वर्गों, अनुसूचित जातियों, जनजातियों, महिलाओं या दिव्यांगजन समुदाय से आते हैं और समाज के लिए नि:स्वार्थ कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से सरकार कई गुमनाम नायकों को भी इन सम्मानों से नवाज़ रही है।
ऑनलाइन आवेदन में देनी होगी पूरी जानकारी
नामांकन के लिए आवेदक को पोर्टल पर उपलब्ध निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा, जिसमें संबंधित क्षेत्र में उनकी विशिष्ट उपलब्धियों का वर्णन अधिकतम 800 शब्दों में प्रस्तुत करना अनिवार्य है। आवेदन से जुड़ी विस्तृत जानकारी गृह मंत्रालय की वेबसाइट https://mha.gov.in और पद्म पुरस्कार पोर्टल https://padmaawards.gov.in पर ‘पुरस्कार और पदक’ शीर्षक के अंतर्गत उपलब्ध है। इच्छुक व्यक्ति यहां से नियम और दिशानिर्देश भी प्राप्त कर सकते हैं।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |