CBSE ने किया बड़ा ऐलान, अब साल में 2 बार होगी 10 की बोर्ड परीक्षा

CBSE

देश के सबसे बड़े शिक्षा बोर्ड CBSE ने स्कूली छात्रों के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। अब साल 2026 से कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी। बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यह फैसला छात्रों को अधिक लचीलापन और अवसर देने के उद्देश्य से लिया गया है, ताकि वे परीक्षा के दबाव को कम महसूस करें और अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का मौका पा सकें।

2 बार होगी बोर्ड परीक्षा

सीबीएसई ने 2026 से साल में दो बार कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा आयोजित करने के मानदंडों को मंजूरी दी। यह जानकारी परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने दी है। सीबीएसई कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं वर्ष में दो बार आयोजित करेगा। पहला चरण फरवरी में आयोजित किया जाएगा और दूसरा चरण मई में होगा।

छात्रों के लिए अंक सुधारना आसान

छात्र विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषाओं में से किसी भी तीन विषयों में अपने अंक सुधार सकते हैं। दोनों चरणों के परिणाम भी अलग-अलग समय पर घोषित किए जाएंगे। फरवरी में हुई परीक्षा का रिज़ल्ट अप्रैल में और मई वाली परीक्षा का परिणाम जून में आएगा। इसका फ़ायदा यह होगा कि छात्र एक ही शैक्षणिक सत्र में अपने नंबर सुधार सकेंगे, जिससे समय की बर्बादी नहीं होगी। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि मूल्यांकन पूरे साल में केवल एक बार ही होगा। यह निर्णय मूल्यांकन प्रणाली को सरल बनाने और दोहराव से बचने के लिए लिया गया है।

पहले परीक्षा में उपस्थित होना अनिवार्य

कक्षा 10 के छात्रों के लिए बोर्ड परीक्षा के पहले चरण में उपस्थित होना अनिवार्य, दूसरा चरण वैकल्पिक रहेगा। आंतरिक मूल्यांकन केवल एक बार किया जाएगा। इस फैसले के बाद छात्रों को अपने अंकों में सुधार का मौका मिल पाएगा। यदि किसी छात्र के अंक पहले चरण में कम रह जाते हैं, तो वह दूसरे चरण में अच्छा प्रदर्शन करके सुधार कर सकेगा।

2026 से होगा लागू

बोर्ड ने इस नीति का ड्राफ्ट फरवरी में सार्वजनिक किया था और सभी स्टेकहोल्डर्स से सुझाव भी मांगे गए थे। अब औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद यह बदलाव 2026 की बोर्ड परीक्षाओं से लागू हो जाएगा। छात्रों और अभिभावकों के लिए यह एक बड़ी राहतभरी खबर है, जो बोर्ड परीक्षा को लेकर लंबे समय से तनाव में रहते हैं। CBSE का यह कदम भारत की परीक्षा प्रणाली को और आधुनिक तथा सहनशील बनाने की दिशा में एक अहम पहल है।

××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group

https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1

Share:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *