13वाँ कोमल एंड वी.के. पाहुजा थिएटर फेस्टिवल: रंगमंच की जीवंत परंपरा और सशक्त विरासत का उत्सव

13 Komal and VK Pahuja

विरासत की सच्ची संवाहक — सुपुत्रियों (बेटियों) का एक अनूठा और अनुकरणीय प्रयास

भारतीय समाज में बहुधा यह धारणा रही है कि माता-पिता की विरासत और परंपरा को आगे बढ़ाने का उत्तरदायित्व पुत्रों का ही होता है। किंतु नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (IIC) में 16 नवंबर 2026 को आयोजित 13वें कोमल एंड वी.के. पाहुजा थिएटर फेस्टिवल ने इस पुरानी सोच को पूरी तरह नकार दिया। मीनाक्षी पाहुजा और डॉ. सुप्रिया पाहुजा—इन दो बेटियों ने अपने स्वर्गीय माता-पिता (कोमल और वी.के. पाहुजा) की स्मृति में पिछले 13 वर्षों से जिस अनवरत और अनुशासित ढंग से इस थिएटर फेस्टिवल का आयोजन किया है, वह दिल्ली और देश के रंगमंच जगत के लिए एक अनूठी मिसाल है। आधुनिक विज्ञान और सामाजिक शोध भी इस बात की पुष्टि करते हैं कि पुत्रियाँ भावनात्मक और व्यावहारिक, दोनों स्तरों पर अपने माता-पिता की वैचारिक विरासत को अधिक संजीदगी और समर्पण के साथ सहेजती हैं। ‘कोमल एंड वी.के. पाहुजा फाउंडेशन’ का यह मंच इस तथ्य का सबसे सुंदर और प्रत्यक्ष उदाहरण प्रस्तुत करता है।

रंगमंचीय जौहरी (पारखी): प्रतिष्ठित जूरी मंडल

दिनभर चले इस भव्य रंगोत्सव में मंचित नाटकों का सूक्ष्म मूल्यांकन करने और प्रतिभाओं को चिह्नित करने के लिए एक बहुआयामी जूरी का गठन किया गया था। इस जूरी मंडल में वरिष्ठ रंगकर्मियों के रूप में श्री दिनेश अहलावत, श्री विनोद पांचाल, श्री बी.बी. शर्मा, श्री अनिल शर्मा, श्री सुरेंद्र सागर, श्री मानव मेहरा, राखी मानव और डॉ. मोहंती के साथ मुझे भी इस निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा बनने का अवसर मिला। इस औपचारिक जूरी के साथ-साथ मुझे पूरा दिन हिंदी और पंजाबी रंगमंच के रंगकर्मी, विद्वान तथा दूरदर्शन से सेवानिवृत्त वरिष्ठ व्यक्तित्व श्री राजेश खोसला जी का विशेष सानिध्य भी प्राप्त हुआ।

सुबह से लेकर देर शाम तक चले इस एक दिवसीय फेस्टिवल में कुल सात नाटकों का मंचन किया गया। उन नाटकों का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है—

1. “एक नारी यमराज पे भारी” (रूबरू थिएटर ग्रुप, लेखिका प्रीति राघव, निर्देशिका—काजल सूरी)

एक अनपढ़ ग्रामीण महिला ‘पतीली’ की हाजिरजवाबी के आगे यमराज के हार जाने पर आधारित इस हास्य नाटक में कलाकारों ने मेहनत की, परंतु ऊर्जा और गति के स्तर पर यह एक सामान्य प्रस्तुति बनकर ही रह गया।

2. “हम ना किसी से कम” (महाविजेता आर्ट्स एसोसिएशन, लेखक व निर्देशक—हिम्मत सिंह नेगी)

करवा चौथ के दिन घर की सफाई और खाना बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच उपजे प्रसंग पर आधारित यह पारिवारिक नाटक परिस्थिति-जन्य हास्य से भरपूर था। निर्देशक के कुशल निर्देशन और व्यंग्यात्मक संवादों ने दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं।

3. “तेंदुए की बारात” (थिएटर बटरफ्लाई आर्ट फाउंडेशन, लेखक—नीरज डोगरिया, निर्देशक—खुशी)

पर्यावरण संरक्षण—विशेष तौर पर उत्तरांचल (उत्तराखंड) के पहाड़ों के संरक्षण के विषय पर आधारित यह बच्चों का नुक्कड़ नाटक अपने संदेश को प्रभावी ढंग से पहुँचाने में सफल रहा।

4. “चिट्ठी” (ड्रामाटर्जी थिएटर ग्रुप, लेखक—प्रताप सिंह, निर्देशिका—साक्षी सुनील)

भावनात्मक, हास्यात्मक और तीखे व्यंग्य का यह अनूठा संगम दर्शकों को अत्यधिक संवेदनशील कर गया, जिसे देखते हुए मेरी अपनी आँखें भी नम हो गईं।

5. “अंग्रेजों भारत लौटो” (टॉय थिएटर ग्रुप, लेखक व निर्देशक—श्री संजीव जौहरी)

राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत इस नाटक ने इतिहास के उन अनछुए सत्यों और वास्तविक सच्चाइयों से पर्दा उठाया, जिनसे आम नागरिक अब तक अनभिज्ञ थे।

6. “प्रेजुडिस एंड प्राइड” (Prejudice and Pride) (लेडी श्रीराम कॉलेज टीम)

अंग्रेजी भाषा में प्रस्तुत एलएसआर कॉलेज की यह प्रस्तुति बेहद बौद्धिक, सधी हुई और सराहनीय रही, जिसने सभी का मन मोह लिया।

7. “ट्रेजेडी में कॉमेडी” (लेखक व निर्देशक: वरुण शर्मा)

ऊर्जा और उमंग से भरपूर इस नाटक ने शुरुआत के 40 मिनट तक जूरी का दिल जीत लिया और सर्वश्रेष्ठ दावेदार बना रहा, परंतु अंततः फूहड़ता और द्विअर्थी संवादों की ओर फिसलने के कारण यह दौड़ में पिछड़ गया।

जूरी का निर्णय और पुरस्कार वितरण

दिनभर की सभी सात विविधतापूर्ण प्रस्तुतियों को देखने और गहन विचार-विमर्श करने के पश्चात, जूरी ने सर्वसम्मति से पुरस्कारों के निम्नलिखित निर्णय लिए—

तृतीय बेस्ट प्रोडक्शन—

‘ट्रेजेडी में कॉमेडी’ नाटक (निर्देशक: वरुण शर्मा) को ₹15,000 नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। शुरुआत में यह नाटक बेहद उम्दा चल रहा था, परंतु अंतिम 10-15 मिनटों में फूहड़ता और द्विअर्थी संवादों की ओर अग्रसर होने के कारण यह शीर्ष स्थान से फिसलकर तीसरे पायदान पर आ गया।

द्वितीय बेस्ट प्रोडक्शन—

श्री हिम्मत सिंह नेगी के नाटक ‘हम ना किसी से कम’ को चुना गया। पारिवारिक ताने-बाने पर आधारित इस नाटक में हास्य और व्यंग्य का ऐसा सुंदर सम्मिश्रण था, मानो जैसे ‘माला में मोती पिरोए हों’। निर्देशक के कुशल निर्देशन ने इसे दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रोडक्शन का ₹17,000 का नकद पुरस्कार दिलाया।

प्रथम बेस्ट प्रोडक्शन—

साक्षी सुनील द्वारा निर्देशित नाटक ‘चिट्ठी’ (ड्रामाटर्जी थिएटर ग्रुप) को सर्वसम्मति से प्रथम बेस्ट प्रोडक्शन चुना गया, जिसे ₹21,000 का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। यह नाटक भावनात्मकता, व्यंग्यात्मकता और हास्यात्मकता की कसौटी पर हर श्रेणी में सर्वोत्कृष्ट साबित हुआ।

सर्वश्रेष्ठ निर्देशक—

नाटक ‘चिट्ठी’ की निर्देशिका साक्षी सुनील को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के पुरस्कार से नवाजा गया, जिस पर जूरी में पूर्ण एकराय थी।

तकनीकी पुरस्कार—

बेस्ट लाइट, बेस्ट कॉस्ट्यूम एंड मेकअप, और बेस्ट म्यूजिक एंड साउंड के सभी विशेष पुरस्कार लेडी श्रीराम कॉलेज के नाटक (प्रेजुडिस एंड प्राइड) को प्रदान किए गए।

लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान

रंगमंच के क्षेत्र में आजीवन अमूल्य योगदान देने वाले चार दिग्गज कलाकारों को इस अवसर पर लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया:—

1. श्री चितरंजन त्रिपाठी (निदेशक, एनएसडी)
2. श्री गजराज नागर (वरिष्ठ रंगकर्मी)
3. श्री दिलीप कुमार वालिया
4. मिस सुजैन बार्नेट

आतिथ्य, कृतज्ञता और एक भावुक समापन

सुबह 9:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक चले इस विशाल व भव्य एकदिवसीय फेस्टिवल में मीनाक्षी पाहुजा और डॉ. सुप्रिया पाहुजा द्वारा की गई मेजबानी वास्तव में अद्वितीय थी। सभी भाग लेने वाली टीमों, जूरी सदस्यों और दूर-दूर से आए दर्शकों के लिए दोपहर के शानदार भोजन, शाम की चाय, पकौड़े, पेस्ट्री और सैंडविच की ऐसी भव्य व्यवस्था थी, जिसने यह सिद्ध कर दिया कि सचमुच ‘महिलाएँ ही अन्नपूर्णा होती हैं’।

यह भव्य आयोजन देखकर मेरा हृदय गदगद हो गया और एक पिता होने के नाते मेरी आँखें इसलिए भी नम हो गईं, क्योंकि मैं स्वयं दो बेटियों का पिता हूँ। घर लौटकर मैंने अपनी बेटियों को इस बात से अवगत कराया कि कैसे ये दोनों बेटियाँ अपने माता-पिता की स्मृति में इतना विराट सांस्कृतिक आयोजन कर रही हैं। मैं अपने दोनों हाथ जोड़कर मीनाक्षी पाहुजा और डॉ. सुप्रिया पाहुजा को अपनी ओर से हार्दिक धन्यवाद और साधुवाद प्रेषित करता हूँ, और यह आशा करता हूँ कि आगामी वर्षों में भी मुझे इस प्रतिष्ठित ‘कोमल एंड वी.के. पाहुजा थिएटर फेस्टिवल’ का हिस्सा इसी प्रकार बनने का अवसर मिलता रहेगा। 🙏

दर्पण गुप्ता
(रंगकर्मी एवं समीक्षक)

××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group

https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1

Share:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *