New Delhi: केंद्र सरकार अग्निवीर योजना में महत्वपूर्ण बदलाव करने की तैयारी कर रही है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने अग्निवीरों के सेवा कार्यकाल और भविष्य को लेकर अहम जानकारी साझा की है। उनके मुताबिक, सरकार चार साल की निर्धारित सेवा पूरी करने के बाद अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार देने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है। इस अवधि के दौरान अग्निवीर सेना, नौसेना और वायुसेना में अपनी सेवाएं जारी रख सकेंगे। इसके अलावा, अतिरिक्त सेवा अवधि के दौरान अग्निवीरों को शादी करने की अनुमति देने के विकल्प पर भी विचार किया जा रहा है।
अग्निवीरों का प्रदर्शन समीक्षा में मिला बेहतर
रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने अग्निवीर योजना को सेना और अग्निवीरों, दोनों के लिए फायदे का सौदा यानी ‘विन-विन सॉल्यूशन’ बताया। उन्होंने कहा कि योजना लागू करते समय ही यह तय किया गया था कि चार साल बाद इसकी समीक्षा की जाएगी। इसी समीक्षा के दौरान अग्निवीरों का प्रदर्शन संतोषजनक से बेहतर पाया गया है। विभिन्न सैन्य अभियानों में भी उनके योगदान और प्रदर्शन को सकारात्मक माना गया है। इसी आकलन के आधार पर चार साल के कार्यकाल के बाद दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार देने का विचार सामने आया है।
एक्सटेंशन के बाद नियमित सेना में भर्ती का भी अवसर
प्रस्ताव के मुताबिक, दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल पूरा करने के बाद नियमित सैन्य सेवा में शामिल होने की इच्छा रखने वाले अग्निवीरों को एक और अवसर मिल सकता है। हालांकि, इसके लिए उन्हें निर्धारित पात्रता शर्तों और ऑपरेशनल मानकों को पूरा करना होगा। रक्षा सचिव के अनुसार, पात्रता और प्रदर्शन के आधार पर अग्निवीरों को नियमित सेना में शामिल होने का मौका दिया जाएगा। इससे योग्य जवानों के लिए स्थायी सैन्य सेवा का रास्ता आगे भी खुला रह सकता है।
क्षमता साबित करने और प्रशिक्षित जवानों को बनाए रखने पर जोर
राजेश कुमार सिंह ने कहा कि अतिरिक्त दो साल की सेवा से अग्निवीरों को अपनी क्षमताएं साबित करने के लिए अधिक समय मिलेगा। वहीं, सेना को भी अच्छे प्रदर्शन करने वाले और प्रशिक्षित जवानों को अपने साथ बनाए रखने में मदद मिलेगी। रक्षा सचिव ने इस प्रस्ताव को अग्निवीरों के लिए दिवाली का तोहफा भी बताया। इसके साथ ही अतिरिक्त सेवा अवधि में शादी की अनुमति देने पर विचार अग्निवीरों के व्यक्तिगत जीवन से जुड़ा एक अहम बदलाव माना जा रहा है।
CDS के ऐलान के बाद अग्निपथ योजना में बदलाव की चर्चा तेज
इससे पहले बुधवार को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने अग्निपथ योजना में बदलाव को लेकर बड़ा ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि चार साल का कार्यकाल पूरा करने वाले अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार दिया जाएगा। इसके बाद पात्रता मानदंडों को पूरा करने और व्यक्तिगत सहमति देने वाले अग्निवीरों को स्थायी भर्ती की पेशकश की जाएगी। रक्षा सचिव के बयान से अग्निवीर योजना में प्रस्तावित बदलावों को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
