यूपी में 2027 की तैयारी तेज, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन 21-22 सितंबर को मेरठ और सहारनपुर दौरे पर

nitin nabin

New Delhi: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 21 और 22 सितंबर 2026 को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वह 21 सितंबर को मेरठ और 22 सितंबर को सहारनपुर पहुंचेंगे। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर संगठन की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 71 विधानसभा सीटें हैं, जिन्हें बीजेपी अपनी संगठनात्मक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण क्षेत्र मानकर काम कर रही है।

मेरठ में युवा सम्मेलन और शक्ति केंद्र सम्मेलन

दौरे के पहले दिन 21 सितंबर को नितिन नबीन मेरठ पहुंचेंगे। यहां वह स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के मंगल्य ऑडिटोरियम में सुबह करीब 11:30 बजे युवा सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:45 बजे पश्चिमी क्षेत्र के शक्ति केंद्र सम्मेलन में शामिल होंगे। पार्टी के अनुसार युवा सम्मेलन में वह युवाओं से अपनी ऊर्जा और क्षमता का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान करेंगे। इसके अलावा वह पश्चिमी क्षेत्र के सांसदों, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठकों में भी हिस्सा लेंगे।

शहीद स्मारक और औघड़नाथ मंदिर भी जाएंगे

नितिन नबीन मेरठ प्रवास के दौरान इंडियन नेशनल आर्मी शहीद स्मारक एवं पार्क पहुंचकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद पार्टी संगठन से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों और नागरिकों से मुलाकात का कार्यक्रम भी है। 22 सितंबर को मेरठ में औघड़नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद वह सहारनपुर के लिए रवाना होंगे। पार्टी के कार्यक्रम के अनुसार सहारनपुर में वह एक बीजेपी कार्यकर्ता के घर दोपहर का भोजन करेंगे और इसके बाद पार्टी के पूर्व सांसदों एवं विधायकों के साथ बैठक करेंगे।

सहारनपुर में पदाधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा

दौरे के दूसरे दिन सहारनपुर में नितिन नबीन प्रदेश और क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जिला महासचिवों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। इन बैठकों में बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर तक पार्टी की तैयारियों की समीक्षा किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा वह पश्चिमी क्षेत्र के पूर्व पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ भी संवाद करेंगे। सहारनपुर दौरे के दौरान सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ उनके दो दिवसीय कार्यक्रम का समापन होगा।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पश्चिमी यूपी का पहला दौरा

नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश का यह पहला दौरा बताया जा रहा है। पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रमों में संगठन को मजबूत करने, विभिन्न स्तरों पर समन्वय और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा पर जोर है। इससे पहले बीजेपी के अन्य वरिष्ठ नेता भी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में संगठनात्मक बैठकों का दौरा कर चुके हैं। ऐसे में नबीन का मेरठ और सहारनपुर दौरा पार्टी की मौजूदा संगठनात्मक गतिविधियों की कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है।

××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group

https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1

Pooja Kumari Ms. Pooja,
Share:

Written by 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *