New Delhi: नई दिल्ली एक बड़े कूटनीतिक आयोजन की मेजबानी के लिए तैयार है। भारत की अध्यक्षता में 18वां BRICS शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में आयोजित होगा। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 11 सितंबर को दिल्ली पहुंच चुके हैं, जबकि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 सितंबर को भारत पहुंचेंगे। इस बार शिखर सम्मेलन में BRICS के सदस्य देशों के अलावा साझेदार और आमंत्रित देशों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। सम्मेलन में वैश्विक शासन, बहुपक्षीय सहयोग, व्यापार, निवेश, खाद्य एवं ऊर्जा सुरक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक और महत्वपूर्ण सप्लाई चेन जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
मोदी-पुतिन और मोदी-पेजेशकियन की अहम मुलाकात
11 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ द्विपक्षीय बैठकें निर्धारित हैं। इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के साथ भी प्रधानमंत्री की मुलाकात होगी। पुतिन की भारत यात्रा को रूस-भारत संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जबकि पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों के बीच ईरानी राष्ट्रपति के साथ मोदी की बातचीत पर भी खास नजर रहेगी।
शी जिनपिंग की भारत यात्रा और मोदी से मुलाकात पर खास नजर
12 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी की चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। शी जिनपिंग करीब सात साल बाद भारत आ रहे हैं, ऐसे में दोनों नेताओं की मुलाकात को भारत-चीन संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबीय अहमद अली, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग समेत कई नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की भी ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ बैठक निर्धारित है।
13 सितंबर को भी कई द्विपक्षीय बैठकें, दिल्ली में सुरक्षा बेहद कड़ी
13 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी की कजाकिस्तान, फिलीपींस, मिस्र, दक्षिण अफ्रीका और बुरुंडी के शीर्ष नेताओं के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं, जबकि नाइजीरिया और युगांडा के प्रतिनिधियों से भी बातचीत होगी। शिखर सम्मेलन के दौरान 12 सितंबर को BRICS नेताओं की बंद कमरे में बैठक, ‘भारत इनोवेट्स’ प्रदर्शनी, फैमिली फोटो, संयुक्त वृक्षारोपण और प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आयोजित रात्रिभोज होगा। 13 सितंबर को मुख्य ओपन सेशन आयोजित किया जाएगा और सम्मेलन के अंत में नई दिल्ली घोषणा जारी होने की उम्मीद है।
दिल्ली में हाई अलर्ट, ट्रैफिक और आवाजाही पर असर
BRICS सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त कर दी गई है। एयरपोर्ट, प्रमुख होटलों और भारत मंडपम के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है तथा हजारों सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। विदेशी मेहमानों के काफिलों की आवाजाही को देखते हुए कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंध लागू किए गए हैं। ऐसे में अगले दो दिनों तक नई दिल्ली के कई इलाकों में आम लोगों को अतिरिक्त ट्रैफिक और सुरक्षा जांच का सामना करना पड़ सकता है।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
