New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में लगातार 25 साल पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में ‘सेवा संकल्प महोत्सव’ आयोजित करने की तैयारी में है। 7 अक्टूबर को पीएम मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे होंगे। इसी दिन वर्ष 2001 में उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर अपने निर्वाचित पद के कार्यकाल की शुरुआत की थी। इसके बाद वह लगातार मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री के पद पर रहे। इस महत्वपूर्ण पड़ाव को देखते हुए बीजेपी ने देशभर में करीब 15 दिनों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है।
स्वच्छता से स्वास्थ्य शिविर तक, 15 दिन चलेगा अभियान
‘सेवा संकल्प महोत्सव’ के दौरान अलग-अलग राज्यों में जनसेवा से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण और स्वास्थ्य शिविर प्रमुख हैं। इसके अलावा ‘नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष’ थीम पर डिजिटल और फोटो प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। सुशासन, विकास और अंत्योदय जैसे विषयों पर प्रबुद्ध वर्ग के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। युवाओं के साथ-साथ समाज के अलग-अलग वर्गों से संवाद कार्यक्रम भी होंगे। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष शिविर लगाए जाने की भी तैयारी है।
विनोद तावड़े को मिली अभियान की जिम्मेदारी
बीजेपी ने इस पूरे अभियान के संचालन की जिम्मेदारी पार्टी के महासचिव विनोद तावड़े को सौंपी है। योजना के मुताबिक प्रत्येक राज्य में सात सदस्यीय टीम अभियान की कमान संभालेगी। इस टीम में प्रदेश सरकार का एक मंत्री, संगठन का एक महामंत्री और पांच अन्य नेता शामिल होंगे। इन टीमों के जरिए अलग-अलग कार्यक्रमों को राज्य और स्थानीय स्तर पर आयोजित किया जाएगा, ताकि पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन से जुड़े इस आयोजन को व्यापक स्तर तक पहुंचाया जा सके।
2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे मोदी
नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को 51 वर्ष की उम्र में गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और वह राज्य के 14वें मुख्यमंत्री बने। इसके बाद उन्होंने 2002, 2007 और 2012 के गुजरात विधानसभा चुनावों में बीजेपी को जीत दिलाई और करीब 14 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। 2014 में उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में कदम बढ़ाया और 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद 2019 और 2024 में भी बीजेपी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद वह लगातार प्रधानमंत्री पद पर बने हुए हैं। इसी साल 26 मई को प्रधानमंत्री के तौर पर उनके 12 वर्ष पूरे हुए थे। अब 7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद सार्वजनिक पद पर उनके लगातार 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बीजेपी बड़े स्तर पर ‘सेवा संकल्प महोत्सव’ आयोजित करने जा रही है।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
