आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया कंपनी ‘मेटा’ (Meta) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। केजरीवाल का कहना है कि भारत में उनका सोशल मीडिया अकाउंट रिस्ट्रिक्ट कर दिया गया है, जिसकी वजह से देश के लोग उनके अकाउंट को नहीं देख पा रहे हैं। इस बात से नाराज केजरीवाल ने एक्स (X) पर पोस्ट लिखकर मेटा से सीधे सवाल पूछे हैं और साथ ही केंद्र सरकार को भी निशाने पर लिया है।
मेटा की तरफ से नहीं मिला कोई साफ जवाब
केजरीवाल ने अपनी पोस्ट में बताया कि जब उनकी टीम ने मेटा के भारत वाले ऑफिस से संपर्क किया, तो वहां से पता चला कि उनका अकाउंट भारत में ब्लॉक है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि कंपनी का कोई भी बंदा यह बताने को तैयार नहीं है कि आखिर किस नियम के तहत यह पाबंदी लगाई गई है और इसे कैसे ठीक किया जाएगा। केजरीवाल के मुताबिक, जितने भी ईमेल मेटा को भेजे गए, उनके जवाब में बस एक बना-बनाया ऑटोमैटिक मैसेज आ जाता है। उन्होंने मेटा की इस सर्विस को बेहद घटिया और गैर-जिम्मेदाराना बताया है।
केंद्र सरकार पर भी दागे तीखे सवाल
इस पूरे मुद्दे पर केजरीवाल ने सिर्फ सोशल मीडिया कंपनी को ही नहीं घेरा, बल्कि सीधे केंद्र सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि बड़ी-बड़ी कंपनियों को सत्ता में बैठे लोगों के इशारों पर इस तरह काम नहीं करना चाहिए, वरना कल को देश में सिर्फ एक ही नेता का अकाउंट दिखेगा। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर दबाव बनाया जा रहा है। फिलहाल इस पूरे मामले पर मेटा की तरफ से कोई आधिकारिक सफाई सामने नहीं आई है।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1